Sirmour: भारत माता ने खोया एक और लाल, 6 माह पहले बने थे बेटे के पिता

punjabkesari.in Saturday, Mar 15, 2025 - 08:11 PM (IST)

नाहन (हितेश): भारतीय सेना की 28वीं राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन के लांस नायक धर्मेंद्र का दिल्ली कैंट स्थित आर्मी अस्पताल में निधन हो गया। वह मूलत: जिला सिरमौर के नाहन विकास खंड की पालियो पंचायत के गुमटी गांव से ताल्लुक रखते थे। जानकारी के अनुसार दिवंगत लांस नायक धर्मेंद्र (30) पिछले करीब साढ़े 10 वर्षों से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। धर्मेंद्र को 3 फरवरी से 2 मार्च तक 28 दिनों का पर्सनल आकस्मिक अवकाश मिला था। इसके बाद 3 मार्च से 17 मार्च तक वह 15 दिन के पितृत्व अवकाश पर थे। उनका मूल यूनिट 41 फील्ड रैजीमैंट था, लेकिन अगस्त 2024 से वह 28वीं बटालियन में सेवा प्रदान कर रहे थे।

11 मार्च को उन्हें पीलिया की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें दिल्ली के कमांड अस्पताल ले जाया गया, जहां वह हैपेटाइटिस-ए से ग्रस्त पाए गए। लिवर गंभीर रूप से प्रभावित होने से उनकी हालत काफी बिगड़ गई और 13 मार्च की सुबह उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली कैंट के आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया और डायलिसिस दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान रात साढ़े 10 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा और डॉक्टरों ने करीब सवा 11 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंतिम मैडीकल रिपोर्ट में उनकी मृत्यु का कारण मल्टीपल ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम और गंभीर लैप्टोस्पायरोसिस बताया गया।

उनके पिता धनी राम हाल ही में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। दिवंगत धर्मेंद्र 6 महीने पहले एक बेटे के पिता बने थे। दिवंगत धर्मेंद्र की मौजूदा पोस्टिंग जम्मू में थी, जहां से वह छुट्टी पर घर आए हुए थे। जवान के असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर है। शनिवार दोपहर बाद शव नारायणगढ़ लाया गया, जहां उनका परिवार स्थायी रूप से रह रहा था। नारायणगढ़ में सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई, जहां उनके पिता ने उनको मुखाग्नि दी। सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन ने कहा कि सैन्य अधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News