Sirmour: सैंट्रल जेल नाहन में विचाराधीन कैदियों के दो गुटों में मारपीट, कुछ कैदी चोटिल

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 10:01 PM (IST)

नाहन (आशु) : मॉडल सैंट्रल जेल नाहन में विचाराधीन कैदियों के दो गुटों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। घटना 15 अगस्त की शाम कारागार के ब्लॉक-ए में हुई। झगड़े में कुछ कैदियों को चोटें आई हैं। मामले में पुलिस थाना सदर नाहन में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार नाहन जेल के उप अधीक्षक सीता राम की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार 15 अगस्त की शाम ब्लॉक-ए में दो गुटों के विचाराधीन कैदियों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट शुरू हो गई।

घटना के समय ड्यूटी पर तैनात वार्डरों ने तुरंत हस्तक्षेप कर झगड़ा रोकने का प्रयास किया, लेकिन कैदियों की अधिक संख्या होने के कारण स्थिति तत्काल नियंत्रण में नहीं आ सकी। इसके बाद अन्य वार्डर, हैड वार्डर और जेल अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जेल स्टाफ द्वारा किए गए आवश्यक प्रयासों के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया और मारपीट रुकवाई गई। इस घटना में कुछ विचाराधीन कैदियों को चोटें आई हैं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना नाहन में केस दर्ज कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News