नियंत्रित कार नाले में लुढ़की, कार चालक को आई चोटें
punjabkesari.in Monday, Dec 19, 2022 - 11:35 PM (IST)

नादौन (जैन): एन.एच. हमीरपुर-धर्मशाला मार्ग लिंक रोड भडोली में अनियंत्रित होकर एक कार नाले में जा गिरी। इस घटना में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। तंग पुली के कारण कार चालक कार से नियंत्रण खो बैठा जिसके कारण कार पलटी खाते हुई नाले में लुढ़क गई। गनीमत है कि नाले की गहराई ज्यादा नहीं थी तथा कार एक पलटी खाने के बाद सीधी हो गई। कार चालक ने सीट बैल्ट बांधी थी जिसके कारण उसका बचाव हो गया तथा उसे मामूली चोटें ही आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुली के दोनों ओर से जब खुली सड़क से वाहनों को चलाते हुए वाहन चालक आते हैं तो आगे तंग पुली पर वाहन चालक नियंत्रण खो देते हैं। पुली के करीब पहुंचते ही जोर से ब्रेक लगाकर वाहनों की गति को धीमा किया जाता है जिसके कारण कभी आगे-पीछे से वाहन आपस में टकरा जाते हैं तो कभी दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। इस सड़क को एन.एच. का दर्जा मिले वर्षों बीत गए हैं परन्तु पुली को चौड़ा न करके एन.एच. के मानकों को अनदेखा किया जा रहा है। एन.एच. मानकों के अनुसार सड़क की चौड़ाई और फु टपाथ की जगह एक बराबर होनी चाहिए, परन्तु यहां पर पुली के आगे-पीछे तो सड़क खुली और चौड़ी है परन्तु पुली सिंगल लेन सड़क की है। वाहन चालकों ने एन.एच. से अपील की है कि इस पुली को चौड़ा किया जाए।