नशे की तलब ने बनाया खूनी! महिला बौद्ध भिक्षु की हत्या की गुत्थी सुलझी, 3 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 02:17 PM (IST)

Mandi News : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के बल्ह उपमंडल के अंतर्गत रिवालसर के सरकीधार क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व हुई वृद्ध महिला बौद्ध भिक्षु की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने गुरूवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

नशे और लूटपाट का अंदेशा

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी नशे के आदी हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने संभवतः नशे की खेप खरीदने या लूटपाट के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड की पूरी कड़ियों को जोड़ा जा सके।

क्या थी पूरी घटना?

नैना देवी जंगल के पास एक कुटिया में अकेले रहने वाली 78 वर्षीय वृद्ध महिला बौद्ध भिक्षु ओरजे शोकी का शव 4 मार्च को उनके कमरे से बरामद हुआ था। उनके शरीर पर तेजधार हथियार के कई गहरे घाव थे, जिससे यह स्पष्ट था कि हत्यारों ने बड़ी बेरहमी से उन पर हमला किया था। मृतका के पति की तीन वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद से वह धार्मिक कार्यों के लिए वहां अकेली रह रही थीं।

SIT की सक्रियता लाई रंग

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने स्वयं मौके का मुआयना कर SIT का गठन किया था। पुलिस पिछले एक महीने से संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी। एसपी ने पुष्टि की है कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और शेष दो फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News