हिमाचल में 7 अप्रैल को होंगे नगर निगम चुनाव, आयोग ने घोषित की तिथि
punjabkesari.in Saturday, Mar 13, 2021 - 04:23 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनाव के लिए आज अधिसूचना जारी हो गई है। हिमाचल प्रदेश के 4 नगर निगम में ये चुनाव होने हैं। इनमें धर्मशाला को छोड़कर पालमपुर, मंडी व सोलन में पहली मर्तबा नगर निगम के चुनाव होने जा रहे हैं। राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार धर्मशाला, मंडी, सोलन व पालमपुर नगर निगम के लिए 22, 23 24 मार्च को नामांकन दाखिल किए जाएंगे 27 मार्च को नाम वापस लिए जाएंगे । 25 को नाामांकन पत्रों की छंटनी होगी । 7 अप्रैल को वोट सुबह 8 बजे से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे और उसी दिन नतीजे आएंगे।
इससे पूर्व आज राज्य चुनाव आयोग की बैठक हुई जिसमें नगर निगम के चुनावों की तारीखें निर्धारित की गई। जाहिर है हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला नगर निगम के पार्षदों का कार्यकाल अप्रैल को पूरा हो रहा है। इसके साथ हाल ही में मंडी, सोलन व पालमपुर को नगर निगम का दर्जा दिया गया है। लिहाजा चारों नगर निगम के चुनाव एक साथ करवाए जा रहे हैं। प्रदेश में सभी नगर निगम के चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर होने है। नगर निगम के चुनावों के लिए राजनीतिक दलों की सरगर्मियां पिछले कुछ समय से तेज हुई हैं। बीजेपी व कांग्रेस ने पर्यवेक्षक भी तैनात कर दिए हैं। इन चारों नगर निगम के लिए डेढ़ सौ ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा 75 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।