Hamirpur: तिरंगे में लिपटी घर पहुंची शहीद नायक सुशील कुमार की पार्थिव देह, गांव में पसरा मातम
punjabkesari.in Wednesday, Oct 22, 2025 - 01:22 PM (IST)

हमीरपुर: हमीरपुर जिले के देई का नोण पंचायत के पनियाला गांव निवासी भारतीय सेना के जवान नायक सुशील कुमार की पार्थिव देह आज उनके पैतृक घर पहुंची। जैसे ही तिरंगे में लिपटी शहीद की पार्थिव देह काे गांव में लाया गया ताे हर तरफ मातम पसर गया। सुशील कुमार का निधन ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से हो गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुशील कुमार 13वीं रेजिमेंट में बतौर नायक तैनात थे और वर्तमान में फैजाबाद में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान सुबह उन्हें अचानक चक्कर आया और उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें कमांडो अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। शहीद सुशील कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके भाई तिलक ने भारी मन से बताया कि 10 साल पहले ही उनकी मां का निधन हो गया था और अब इस दुखद घटना ने उनसे उनका भाई भी छीन लिया है।
शहीद की पार्थिव देह को पहले लखनऊ से चंडीगढ़ तक विमान द्वारा लाया गया। इसके बाद सैन्य वाहन में पूरे सम्मान के साथ उनके गांव पनियाला पहुंचाया गया। जैसे ही सेना की गाड़ी गांव में दाखिल हुई ताे माहौल गमगीन हो गया और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। कुछ ही देर में शहीद जवान का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।