बिजली गुल हुई तो फ्यूज ठीक करने गया शख्स, हाई-वोल्टेज करंट ने ली जान, गांव में पसरा मातम

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 01:15 PM (IST)

Hamirpur News: हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के तहत आने वाले बाहल ठाकरु गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां बिजली का फ्यूज ठीक करने के प्रयास में 50 वर्षीय एक व्यक्ति की करंट लगने से जान चली गई। मृतक की पहचान रविंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो गांव में अपनी मिलनसार और मददगार छवि के लिए जाने जाते थे।

मदद की चाहत बनी काल

जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार रात करीब 9:30 बजे गांव की बिजली अचानक गुल हो गई थी। पूरा गांव अंधेरे में डूब जाने के कारण रविंद्र कुमार बिजली ठीक करने के इरादे से खंभे के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह फ्यूज की जांच करने के लिए पोल पर चढ़ने लगे, तभी वह हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। झटके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वह सीधे जमीन पर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दियोटसिद्ध पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

एसपी बलवीर सिंह ने की पुष्टि

पुलिस अधीक्षक (SP) हमीरपुर बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News