शिमला में नाबालिग से छेड़छाड़....वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल; लोगों ने आरोपियों को पकड़कर बाजार में घुमाया

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 05:23 PM (IST)

Shimla News : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित छेड़छाड़, वीडियो बनाने और ब्लैकमेलिंग का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर शनिवार को क्षेत्र में भारी जनाक्रोश भड़क उठा। पुलिस द्वारा मामला दर्ज होने के बाद भी समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए देवभूमि संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

पीड़ित नाबालिग लड़की का आरोप है कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो युवकों ने पहले उसका एक वीडियो बनाया। इसके बाद उस वीडियो के दम पर आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगे। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसे एक दुकान पर बुलाया और वहां उसके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। घटना की शिकायत महिला पुलिस थाना में दर्ज कराई गई थी, लेकिन एफआईआर होने के बाद भी 24 घंटे तक पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने से स्थानीय लोग नाराज हो गए।

कार्यकर्ताओं ने संजौली में किया चक्काजाम

देवभूमि संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने संजौली में चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कानून-व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपित को पकड़कर सड़क पर घुमाया तथा पुलिस से तुरंत सख्त एक्शन की मांग की। देवभूमि संघर्ष समिति के संयोजक विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए 24 घंटे का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण ही जनता को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने मांग की कि बेटियों की सुरक्षा से जुड़े ऐसे संगीन मामलों में पुलिस को कतई ढील नहीं बरतनी चाहिए।

पूछताछ जारी

वहीं, संजौली में बढ़ते तनाव और भारी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News