लाभार्थी सम्मेलनों में सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही जयराम सरकार : विक्रमादित्य सिंह

punjabkesari.in Sunday, Aug 07, 2022 - 11:05 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र के विधायक व कांग्रेस रोजगार संघर्ष यात्रा के संयोजक विक्रमादित्य सिंह ने जयराम सरकार पर 68 निर्वाचन क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे लाभार्थी सम्मेलनों में सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ये सम्मेलन भी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार से नहीं बचा सकते। जिला सिरमौर से शुरू हुई रोजगार संघर्ष यात्रा का नेतृत्व कर रहे विक्रमादित्य सिंह ने सोलन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि इन सम्मेलनों में लाभार्थियों को कार्यक्रम में पहुंचाने के लिए बसों व धामों पर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है। जनमंच में भी यही हो रहा था। वहां पर अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रताडि़त किया जा रहा था। हालत यह हो गई है कि अब भाजपा के कार्यक्रमों में आम आदमी आने को तैयार नहीं है। अब सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर भीड़ जुटाई जा रही है।  

कांग्रेस की सरकार बनते ही युवाओं को रोजगार के लिए होगा 680 करोड़ रुपए का पैकेज 
विक्रमादित्य ने कहा कि कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चली हुई है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही सभी वर्गों के लिए विशेषकर युवाओं को रोजगार के लिए प्रमुखता के साथ काम किया जाएगा। 680 करोड़ रुपए का पैकेज युवाओं को रोजगार के लिए होगा। इस पैकेज के तहत प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 10-10 करोड़ रुपए के ब्याज रहित ऋण युवाओं के लिए दिए जाएंगे ताकि वे अपना कारोबार शुरू कर सकें। इसके लिए सरकारी क्षेत्र में 5 वर्षों में 5 लाख नौकरियां दी जाएंगी। नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है। कई बार परिवार में ऐसी छोटी-छोटी घटनाएं हो जाती हैं। कांग्रेस एकजुट है। इससे पूर्व जिला सिरमौर के पांचों निर्वाचन क्षेत्रों से होते हुए कांग्रेस रोजगार संघर्ष यात्रा सोलन पहुंची।  

कई नेता रहे नदारद 
कांग्रेस की सोलन पहुंची रोजगार संघर्ष यात्रा पर भी गुटबाजी हावी रही। पार्टी के कई नेता इससे नदारद रहे। यही नहीं, जिला सिरमौर की तुलना में सोलन में कार्यकत्र्ताओं की संख्या बहुत कम रही। इससे स्पष्ट है कि सोलन में कांग्रेस अभी गुटबाजी से बाहर नहीं निकल पा रही है। कांग्रेस उम्मीद लगाकर बैठी हुई थी कि सोलन में बड़ी भीड़ देखने को मिलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 

जब नेताओं के बच्चे बेरोजगार होने लगे तब याद आई रोजगार यात्रा : सुरजीत सिंह  
उधर, आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि जब नेताओं के बच्चे बेरोजगार होने लगे तब रोजगार यात्रा की याद आई है। प्रदेश में बेरोजगारी 14 लाख से ऊपर हो गई है। कांग्रेस को सत्ता में रहते समय बेरोजगारों की याद नहीं आई। जैसे ही सत्ता से बाहर हुई तो बेरोजगारों की चिंता सताने लगी। कांग्रेस की यह यात्रा पूरी तरह से फ्लॉप है।  

कांग्रेस की रोजगार संघर्ष यात्रा रही फ्लॉप : राजेश कश्यप 
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश कश्यप का कहना है कि सोलन में कांग्रेस की रोजगार संघर्ष यात्रा पूरी तरह से फ्लॉप रही। इसमें आमजन तो दूर, पार्टी के कार्यकत्र्ता भी नहीं पहुंचे। जनता अब कांग्रेस के झूठे वायदों में नहीं आने वाली है। जयराम सरकार ने सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं शुरू की हैं। प्रदेश भर में हो रहे प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम में उमड़ रहे जनसैलाब से कांग्रेस बौखला गई है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News