विधायक ने विरोध के बीच किया सड़क का शिलान्यास, पुलिस ने हिरासत में लीं महिलाएं

punjabkesari.in Tuesday, Apr 27, 2021 - 11:47 PM (IST)

चुवाड़ी (पुनीत): उपमंडल भटियात की ग्राम पंचायत मनहुता के लांघी से द्रोणी वाया लडेरा-सलाणा संपर्क मार्ग का शिलान्यास भटियात विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रम सिंह जरियाल ने किया। इस सड़क की लागत करीब 2 करोड़ 71 लाख रुपए है। बताते चलें कि इस मार्ग को द्रोणी तक बनाया जाना प्रस्तावित था, वहीं वन विभाग की क्लीयरैंस न मिलने के चलते इसका निर्माण नागणी से शुरू होने के कारण द्रोणी के लोग इसका विरोध कर रहे थे। मंगलवार को विधायक विक्रम जरियाल जब सड़क का शिलान्यास करने पहुंचे तो द्रोणी के लोगों ने इसका विरोध किया और मौके पर एकत्रित हो गए। इसके बाद मामले की सूचना लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा पुलिस को दी गई।

पुलिस व प्रशासन ने किया हल्के बल का प्रयोग

सूचना मिलते ही एसडीएम भटियात बच्चन सिंह व डीएसपी शेर सिंह ने मौके पर पहुंच कर लोगों को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन लोग वहां से हटने को राजी नहीं हुए, जिस पर पुलिस व प्रशासन को हल्का बल प्रयोग कर उक्त स्थान से लोगों को हटा कर विधायक द्वारा शिलान्यास करवाया गया। इस संदर्भ में एसडीएम भटियात बच्चन ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी द्वारा शिकायत मिली थी कि द्रोणी गांव के लोग सरकारी काम में बाधा पैदा कर रहे हैं। इसके चलते मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों को बताया गया कि जिस रास्ते का पहले सर्वे किया गया था उसकी वन विभाग ने क्लीयरैंस नहीं दी है।

द्रोणी के 23 तो नागणी के 35 परिवार होंगे लाभान्वित : विक्रम जरियाल

इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कल्याण भट्ट ने बताया कि उस रास्ते पर करीब 400 पेड़ हैं जिनके लिए वन विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं दिया गया है। इसके चलते इस रास्ते को नागणी से द्रोणी तक बनाया जा रहा है। इससे दो और गांव लाभान्वित होंगे। वहीं शिलान्यास के बाद विधायक ने लोगों को बताया कि द्रोणी का इस सड़क से लाभान्वित होना तय है। उन्होंने कहा कि इस सर्वे के मुताबिक 200 से ज्यादा चीड़ के पेड़ सड़क की बलि चढ़ जाते। वहीं द्रोणी के 23 परिवारों के अलावा नागणी के 35 परिवार भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि बवाल कर रहे लोग उच्च न्यायालय में भी इसको लेकर याचिका दर्ज कर चुके हैं, जिसमें इन्हें कोई राहत नहीं मिली है।

मामले को राजनीतिक रंग देने का किया जा रहा प्रयास

उन्होंने कहा कि इस सड़क से न सिर्फ द्रोणी बल्कि नागणी गांव के भी दर्जनों परिवारों को लाभ मिलेगा। विधायक ने कहा कि इस सारे मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास वे लोग कर रहे हैं जो अपने शासन में लोगों को सड़क सुविधा से नहीं जोड़ पाए। वहीं अब जब प्रदेश की भाजपा सरकार क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है तो लोगों को बरगलाने और भड़काने का काम कर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास किया जा रहा है।

एसडीओ की शिकायत पर 9 महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज

उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना चुवाड़ी में लोगों पर उनसे धक्का-मुक्की व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस थाना चुवाड़ी के प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि करीब 9 महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है। डीएसपी शेर सिंह ने बताया कि स्वीकृत मार्ग के कार्य में बाधा पहुंचाने को लेकर पंचायत मनहुता के द्रोणी गांव के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।

स्थानीय लोगों का यह है आरोप

वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस सड़क का सर्वे लांघी से द्रोणी के लिए किया गया था जबकि अब इस रास्ते का निर्माण नागणी नामक स्थान से किया जा रहा है। इसका द्रोणी निवासी कड़ा विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस रास्ते का निर्माण नागणी से कर द्रोणी निवासियों के हक को मारा जा रहा है।

कुलदीप सिंह पठानिया ने महिलाओं पर मामला दर्ज करने पर जताई आपत्ति

भटियात के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने द्रोणी गांव की महिलाओं पर पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा शिलान्यास व अन्य सरकारी कार्यक्रमों पर पाबंदी लगाने के बावजूद भटियात के विधायक विक्रम सिंह जरियाल ने ग्राम पंचायत मनहुता में रास्ते का शिलान्यास किया व शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने वाली महिलाओं पर मामला दर्ज करवाया है जोकि काफी निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि भटियात के विधायक, एसडीएम भटियात व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर कोविड नियमों का पालन न करने पर मामला दर्ज होना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News