बिलासपुर जिले और प्रदेश की शान बने बागछाल पुल का जल्द होगा उद्घाटन : जीत राम कटवाल

punjabkesari.in Wednesday, Mar 06, 2024 - 10:54 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल ने कहा कि गोबिंदसागर झील पर निर्मित बागछाल पुल बनकर तैयार हो गया है। पिछड़ा क्षेत्र कहे जाने वाले कोटधार में इस पुल के बनने से यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में शामिल होगा। एशिया में सबसे अधिक 185 मीटर लंबे कंटीलिवर स्पैन के इस पुल की कुल लंबाई 330 मीटर है। हिमाचल के साथ ही झंडूता का प्रवेशद्वार बने इस पुल का जल्द ही विधिवत तरीके से उद्घाटन किया जाएगा। यह पुल बनने से कोटधार व झंडूता से केवल चंडीगढ़ या दिल्ली की ही नहीं, बल्कि हमीरपुर व कांगड़ा की दूरी भी लगभग 50 किलोमीटर कम होगी। बागछाल पुल का निरीक्षण करने पहुंचे जीत राम कटवाल ने कहा कि बागछाल पुल झंडूता समेत पूरे बिलासपुर जिले और प्रदेश की शान बना है। यह इंजीनियरिंग स्किल्स का बेजोड़ और अद्भुत नमूना भी है। इसके लिए झंडूता क्षेत्र की जनता बधाई की पात्र है। झंडूता और नयनादेवी विधानसभा क्षेत्रों को आपस में जोड़ने वाले इस पुल के बनने से दूरियां सिमट जाएंगी। न केवल झंडूता, बल्कि हमीरपुर व कांगड़ा आदि जिलों के लाखों लोग इससे लाभान्वित होंगे।

अगस्त 2005 में हुआ था पुल का शिलान्यास
इस पुल का शिलान्यास अगस्त 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने किया था। कुछ वर्षाें तक इसका निर्माण कार्य चलता रहा लेकिन बाद में फ्लड जोन और पिल्लरों के पास दलदल का हवाला देकर काम बंद कर दिया गया। वर्ष 2017 में झंडूता की जनता ने उन्हें पहली बार विधानसभा में भेजा। उन्होंने इस पुल का निर्माण करवाने का बीड़ा उठाते हुए इसके लिए प्रक्रिया शुरू की। अनुभवी और दक्ष इंजीनियर बुलाकर उनकी राय लेने के बाद वर्ष 2018 की विधायक प्राथमिकता में इस पुल को डाला गया। उसके बाद युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। 

पिछले साढ़े 5 वर्षों में पूरा हुआ काम
जीत राम कटवाल ने कहा कि जो काम पिछले डेढ़ दशकों में नहीं हुआ, वह पिछले साढ़े 5 वर्षों में पूरा हुआ है। इन साढ़े 5 वर्षों में उन्होंने अधिकारियों के साथ लगभग 60 बार इस पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। अब जल्द ही इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने पुल के निर्माण में योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व अनुराग ठाकुर तथा पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया है। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News