कांग्रेस कार्यकाल में शुरू हुए कार्यों पर अपना टैग लगाकर वाहवाही लूट रहे भाजपा नेता : आशा कुमारी

punjabkesari.in Thursday, Jul 14, 2022 - 09:44 PM (IST)

सलूणी (शक्ति प्रसाद): कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू हुई कार्यों पर भाजपा की डबल इंजन सरकार के नुमाइंदे अपना टैग लगाकर वाहवाही लूट रहे हैं लेकिन प्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में आने वाली नहीं है। प्रदेश की जनता ने भाजपा की निकम्मी सरकार को बाहर करने का मन बना लिया है। यह बात डलहौजी की विधायक आशा कुमारी ने अपने दौरे के दौरान वीरवार को पंचायत व गांव खरोठी में अपने संबोधन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 70 लाख जनसंख्या है, उसमें से 14 लाख लोगों के पास आज कोई रोजगार नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सरकार के समय बेरोजगारी का आंकड़ा 4 लाख था जो आज भाजपा के साढ़े 4 साल के बीच यह आंकड़ा बढ़कर 14 लाख तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व है कि बाजार में मिलावटी चीजों पर कंट्रोल करे लेकिन सरकार इसके बजाय अडानी व अंबानी के साथ मिलकर बाजार व उचित मूल्य के डिपुओं पर मिलावटी राशन देकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि 2 दिन पूर्व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमी राम ने भाजपा सरकार का दामन छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इससे पूर्व भाजपा के 3 बार सांसद रहे व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश चंदेल ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। 

घरेलू गैस सिलैंडर की कीमत पहुंची 1200 रुपए, सरसों का तेल भी महंगा
उन्होंने कहा कि आज लोग महंगाई से त्रस्त हैं, कांग्रेस के कार्यकाल में 400 रुपए में मिलने वाला घरेलू गैस सिलैंडर आज 1200 रुपए में जबकि हर घर में प्रयोग होने वाला सरसों का तेल 240 रुपए प्रति लीटर है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में अध्यापकों और अस्पतालों में चिकत्सकों व स्टाफ नर्सों के पद रिक्त पड़े हैं, जिन्हें भरने में सरकार नाकाम रही है। उन्होंने कहा जब विधानसभा में प्रश्न पूछा कि पिछले साढ़े 4 वर्षों में कितने अध्यापकों की नियुक्ति की, उसके बदले उन्हें सरकार की ओर से जवाब मिला कि एक भी अध्यापक की नियुक्ति नहीं की गई जबकि अध्यापकों की सेवनिवृत्ति व प्रमोशन हो रही और प्रदेश के लाखों युवाओं ट्रेनिंग कर बेरोजगार हैं, उन्हें नौकरी देकर स्कूलों में रिक्त पदों को भरा जा सकता है। 

कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई लड़ाई नहीं
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई लड़ाई नहीं है, कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और प्रदेश की सत्ता में आएगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार में एक विधायक व वर्कर भी मुख्यमंत्री होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार से प्रदेश की जनता का मोहभंग हो चुका है और जनता ने निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को आमजन तक पहुंचाएं, साथ में हर बूथ को मजबूत करें। इससे पूर्व विधायक आशा कुमारी ने केहमली गांव में धनवीर सिंह के घर में लोगों के साथ क्षेत्र के विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा की और लोगों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव डीएस पठानिया, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष पवन ठाकुर, सुंडला पंचायत प्रधान दीप जरियाल, खरोठी पंचायत पूर्व प्रधान चमन सिंह व मदन लाल, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष महिंदर सिंह, धनवीर सिंह, रमेश ठाकुर, मदन लाल, रमेश कुमार, अशोक कुमार, बबलू राम सुरिंदर कुमार, विकलांग जागरण मंच के प्रधान मदन लाल शर्मा, नंद लाल व सुरिंदर कुमार सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News