Himachal: पत्नी अमरीन संग शिलाई पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह, छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दरबार में नवाया शीश

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 06:43 PM (IST)

पांवटा साहिब (कपिल): हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ उनकी धर्मपत्नी डॉ. अमरीन सिंह भी मौजूद रहीं। मंत्री ने पश्मी गांव पहुंचकर क्षेत्र के आराध्य देव छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दरबार में शीश नवाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
दर्शन के उपरांत विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज में उनकी और उनके परिवार की गहरी आस्था है। उन्होंने देवता के चरणों में नतमस्तक होकर हिमाचल प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।

जनसमस्याएं सुनीं और समाधान का दिया भरोसा 
मंदिर में दर्शन के बाद लोक निर्माण मंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, खेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ीं समस्याएं उनके समक्ष रखीं। लोगों ने विशेष रूप से सड़क नैटवर्क को सुदृढ़ करने और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की मांग उठाई। विक्रमादित्य सिंह ने इन मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।

पिता स्व. वीरभद्र सिंह के रिश्तों को किया याद
इस मौके पर भावुक होते हुए विक्रमादित्य सिंह ने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि मेरे पिता का शिलाई क्षेत्र और यहां के लोगों से गहरा और आत्मीय जुड़ाव रहा है। वे हमेशा इस क्षेत्र के विकास और यहां के लोगों के साथ खड़े रहे। मैं भी उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए शिलाई के विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News