'अपनी बात रखने का भी संवैधानिक तरीका होता है', थप्पड़ मामले पर बोले मंत्री विक्रमादित्य सिंह

punjabkesari.in Saturday, Jun 08, 2024 - 06:36 PM (IST)

शिमला (राक्टा): चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर कंगना रणौत को सीआईएसएफ की महिला कांस्टेबल द्वारा थप्पड़ मारने के मामले में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह मामला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह की घटना किसी भी व्यक्ति के साथ नहीं होनी चाहिए। हमारी संवेदनाएं किसानों के साथ भी हैं क्योंकि उनके साथ बहुत बुरा हुआ है, लेकिन यह कोई तरीका नहीं है। अपनी बात रखने का भी संवैधानिक तरीका होता है। विक्रमादित्य सिंह ने यह बात शनिवार को राजीव भवन में आयोजित बैठक के बाद मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कही। उन्होंने कहा कि यह मामला एयरपोर्ट में सामने आया है जबकि सुरक्षा कर्मी की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की सुरक्षा का ख्याल रखना है, वहां ऐसा मामला आना चिंता की बात है। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि किसी को सीधे आतंकवादी कह देना भी एक तरह से गैर-जिम्मेदाराना है। क्यों किया, क्या किया, ये जांच में सामने आ जाएगा। जो कार्रवाई चल रही, वह उसका स्वागत करते हैं। 

राष्ट्रीय स्तर पर नहीं चला मोदी मैजिक
इसके साथ ही विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर लोकसभा चुनाव में मोदी मैजिक नहीं चला। हालांकि प्रदेश में ऐसा क्यों हुआ, इसका आकलन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अब देश की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में सत्ता-संगठन की मजबूती के लिए हाईकमान ने कदम उठाए हैं और सभी ने मिलजुल कर चुनाव लड़ा है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 16 माह के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।

बदले परिवेश में हिमाचल की पैरवी
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बदले परिवेश के बीच अब हिमाचल के हितों को केंद्र की नई सरकार के समक्ष कैसे उठाना है, ये देखना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा से हजारों करोड़ का नुक्सान हुआ। सीएम ने पूरी मजबूती के साथ मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाया, लेकिन नजरअंदाज किया। ऐसे में अब हिमाचल के हितों की पैरवी नई सरकार के समक्ष कैसे हो सकती है, उस दिशा में कदम उठाए जाएंगे। प्रदेश के लंबित मसलों को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

शहरों में वाटर सप्लाई का प्लान तैयार
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में धर्मशाला, पालमपुर, मंडी सहित अन्य शहरों में वाटर सप्लाई को सुदृढ़ करने के लिए प्लान तैयार है। इसी तरह स्मार्ट सिटी को लेकर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह दिल्ली जाएंगे और नई सरकार में जो मंत्री बनेंगे, उनके समक्ष मामलों को उठाया जाएगा।

पीएमजीएसवाई का काम शुरू
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में सड़कों के रखरखाव, अपग्रेडेशन और पीएमजीएसवाई के तहत काम शुरू हो गया है। इस संबंध में टैंडर किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जल्द ही प्रदेश का दौरा कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News