हिमाचल में CAA को लेकर इस दिन शुरू होगा BJP का जनजागरण अभियान

Friday, Dec 27, 2019 - 09:47 PM (IST)

शिमला (योगराज): भाजपा कार्य सिमिति की बैठक शुक्रवार को पीटरहॉफ शिमला में प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा विशेष रूप में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सत्ती ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सरकार के प्रगतिशील 2 साल के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए बताया कि भाजपा 1 से 15 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश में नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगी। इस अभियान में भाजपा के कार्यकर्ता 5,00,000 परिवारों से संपर्क करेंगे जबकि देश में पार्टी 3 करोड़ परिवारों से संपर्क करने जा रही है।

सोशल मीडिया पर भी विशेष अभियान चलाएगी भाजपा

उन्होंने बताया कि भाजपा अनेक प्रकार के संवाद कार्यक्रम चलाएगी, जिसमें हर मंडल पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, साथ ही प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी कार्यकर्ताओं घर-घर पहुंचाया जाएगा। इस संदर्भ में भाजपा पैम्फलेट भी आबंटित करेगी। यही नहीं, भाजपा सोशल मीडिया पर भी नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 को लेकर एक विशेष अभियान चलाएगी।

सीएए को लेकर जनता को गुमराह कर रहे विपक्षी दल

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर विपक्षी दल जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यों को देखकर कांग्रेस और देश के टुकड़े-टुकड़े गैंग को परेशानी हो रही है और अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, लालू प्रसाद और मुलायम जैसे नेता इन लोगों को संरक्षण देते हैं। उन्होंने कहा कि जब कश्मीर से 5,00,000 लोगों को निकाला गया था तो उस दौरान ये लोग कहां थे।

Vijay