Manikarn Landslide: मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग पर भारी भूस्खलन, फंसे पर्यटक, यातायात पूरी तरह ठप
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 04:44 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। कुल्लू घाटी के प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग पर घटीगढ़ के पास भारी भूस्खलन होने की सूचना मिली है। जिसके चलते पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा गिरगर सड़क पर आ गया है और यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की मुसीबतें बढ़ गई हैं।
पर्यटक और बस सेवा प्रभावित
सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की वजह से तोष, बरशैणी और कालगा जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन फंस गए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में बस सेवा भी पूरी तरह बंद कर दी गई है, जिससे दैनिक यात्रियों को पैदल सफर करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
बाल-बाल बचे मशीनरी और ऑपरेटर
मार्ग बहाली के कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन से बड़ी चट्टान टकरा गई। राहत की बात यह रही कि जेसीबी ऑपरेटर सुरक्षित है और मशीन को भी अधिक नुकसान नहीं पहुँचा है। गौरतलब है कि इसी स्थान पर पहले भी दो वाहन मलबे की चपेट में आ चुके हैं।
स्थानीय लोगों में भारी रोष
बरशैणी पंचायत के पूर्व प्रधान जय राम ठाकुर ने बताया कि यहाँ पिछले दो वर्षों से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जो स्थानीय कारोबारियों और जनता के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और स्थानीय विधायक को स्थिति से अवगत करा दिया गया है। मार्ग को जल्द से जल्द खोलने की मांग की गई है। सरकार और विभाग से इस समस्या के स्थायी समाधान की अपील की गई है ताकि भविष्य में बार-बार सड़क बंद न हो।
सुरक्षा की अपील
लगातार गिरते मलबे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। जब तक सड़क पूरी तरह साफ नहीं हो जाती, तब तक इस मार्ग पर यात्रा करना जोखिम भरा बना हुआ है।

