अब नहीं बिछड़ेंगे अपने! मणिमहेश यात्रा में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सुविधा, BSNL ने धनछौ में लगाया 4G टावर
punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 01:36 PM (IST)
Manimahesh Yatra 2026 (उत्तम ठाकुर) : मणिमहेश यात्रा–2026 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर मोबाइल नेटवर्क एवं संचार सुविधा उपलब्ध करवाने तथा यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में भरमौर प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा के विशेष प्रयासों, निरंतर पहल एवं प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप मणिमहेश मार्ग पर धनछौ में BSNL का मोबाइल टावर स्थापित कर मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू कर दी गई है। टावर वर्तमान में पूर्ण रूप से कार्यशील है, जिससे धनछौ तथा इसके आसपास के यात्रा क्षेत्र में मोबाइल सिग्नल एवं संचार सुविधा में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।
अब अपने परिजनों से आसानी से संपर्क कर सकेंगे श्रद्धालु
यह संचार सुविधा मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा की दृष्टि से विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। बेहतर मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से श्रद्धालु अपने परिजनों से आसानी से संपर्क कर सकेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन सहायता एवं संबंधित विभागों से त्वरित संपर्क स्थापित कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, यात्रा व्यवस्था में तैनात सरकारी कर्मचारियों, विभिन्न सेवा प्रदाता संस्थाओं, सुरक्षा एवं बचाव दलों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर संचार स्थापित होने से यात्रा के दौरान विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के साथ त्वरित एवं प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। बेहतर संचार व्यवस्था से सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के संचालन एवं समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायता मिलेगी।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धनछौ जैसे महत्वपूर्ण यात्रा क्षेत्र में इस संचार सुविधा को धरातल पर उतारने के लिए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा द्वारा किए गए विशेष प्रयास एवं निरंतर फॉलो-अप यात्रा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्थानीय लोगों की आजीविका एवं सुरक्षा तथा सुगम यात्रा सुनिश्चित करना भरमौर प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

