मंडी जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा, अमरू राम अध्यक्ष तो बोदी देवी बनीं उपाध्यक्ष
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 08:06 PM (IST)
मंडी (रजनीश): जिला परिषद मंडी के चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी है। भाजपा समर्थित खिलड़ा वार्ड के जिला परिषद सदस्य अमरू राम को सर्वसम्मति से अध्यक्ष, जबकि थाची वार्ड की सदस्य बोदी देवी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के तुरंत बाद पीठासीन अधिकारी एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वीरवार को जिला परिषद हाॅल में आयोजित इस चुनावी प्रक्रिया में कुल 36 में से 32 सदस्यों ने भाग लिया। इसमें 29 भाजपा से संबंधित सदस्य शामिल रहे। शपथ ग्रहण समारोह में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एडीसी गुरसिमर सिंह और जिला पंचायत अधिकारी एवं सचिव अंकित डोगरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। राजनीतिक गलियारे से सदर के विधायक व पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, विनोद कुमार, राकेश जम्वाल, इंद्र सिंह, दलीप ठाकुर और पूर्ण चंद ठाकुर सहित कई दिग्गज नेताओं और नवनिर्वाचित सदस्य इस अवसर पर मौजूद रहे।
सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए अमरू राम
इस बार जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित था। इस वर्ग से भाजपा समर्थित 5 सदस्य चुनाव जीतकर आए थे। अध्यक्ष पद के लिए मुख्य रूप से 3 नामों पर गंभीर मंथन चल रहा था। अमरू राम खिलड़ा वार्ड सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र, श्याम लाल नबाही वार्ड, परस राम सदयाणा वार्ड के अलावा नौण वार्ड से टिक्कम राम और रोड़ वार्ड से शिव चंद भी इसी वर्ग से विजयी हुए थे।
11 हजार से अधिक वोटों से जीती हैं बोदी देवी
वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए सराज विधानसभा क्षेत्र के थाची वार्ड से 11 हजार से अधिक वोट के रिकाॅर्ड अंतर से जीतने वाली बोदी देवी को चुना गया। इस पद के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर को हराने वाली हेमलता का नाम भी रेस में काफी आगे चल रहा था, लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने बोदी देवी के नाम पर अपनी सहमति जताई।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

