Mandi: टांडा मैडीकल कालेज के हृदय रोग विभाग में ताला लटकाना कौन-सा व्यवस्था परिवर्तन : जयराम
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 11:05 PM (IST)
मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कालेज टांडा में हृदय रोग विभाग में ताला लटकाने को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि हृदय रोग विभाग को बंद करने का जो तरीका मुख्यमंत्री ने अपनाया है, वह आज के दौर में उनका कौन-सा व्यवस्था परिवर्तन है। किसी व्यवस्था या सुविधा को बंद करने से पहले मुख्यमंत्री इसी तरह के हथकंडे अपनाते हैं। अस्पताल से सुविधा छीन लो, डाक्टर का तबादला कर दो और इससे अस्पताल स्वतः बंद हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि हृदय रोग विभाग लोगों के जीवन से जुड़ा हुआ है तथा हृदय रोग की बीमारियों में कई बार तत्काल इलाज मिलना ही जीवन बचा पाता है। सरकार ने टांडा मैडीकल कालेज के कार्डियोलाॅजी विभाग के प्रोफैसर एवं विभागाध्यक्ष को स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक का विशेष कार्याधिकारी बना दिया। इस नियुक्ति में भी सारे नियम-कायदे और प्रोटोकाल ताक पर रख दिए गए। मैडीकल कालेज के हृदय रोग विभाग में डाक्टर न होने की वजह से इलाज करवाने पहुंचे लोगों को किस तरह की असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, मुख्यमंत्री को इसकी खबर भी होनी चाहिए।
मजबूरन महंगे निजी अस्पतालों का करना पड़ेगा रुख
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि टांडा मैडीकल कालेज में प्रदेशभर के लोग इलाज करवाने पहुंचते थे। सरकारी अस्पताल होने के नाते वहां बेहतर और सस्ता इलाज लोगों को मिल सकता था लेकिन हृदय रोग विभाग के एक डाक्टर को मैडीकल लीव, दूसरे डाक्टर को विदेशी फैलोशिप और तीसरे डाक्टर को विशेष कार्याधिकारी बनाकर मुख्यमंत्री ने उस विभाग को ही बंद कर दिया। अब अपने परिजनों को लेकर मैडीकल कालेज पहुंचने वाले लोगों के पास इलाज के लिए क्या विकल्प बचा है। लोगों को अपनी जान बचाने के लिए मजबूरन महंगे निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा।
हिम केयर योजना को भी पूरी तरह से तहस-नहस किया
जयराम ने कहा कि इसी तरह मुख्यमंत्री ने हिम केयर योजना को भी पूरी तरह से तहस-नहस किया है। पहले झूठे आरोप लगाकर योजना को बदनाम किया गया और फिर योजना में हास्यास्पद बदलाव किए गए। मरीजों को मिल रहे खाने तक में कटौती की गई। मातृशक्ति के आप्रेशन में 5,400 रुपए की वसूली शुरू की गई। उन्होंने कहा कि हिम केयर को प्रभावहीन करने के बाद सरकार अब मैडीकल कालेजों के विभागों को निशाना बना रही है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से मंगलवार को उनके गृह विधानसभा क्षेत्र सराज की ग्राम पंचायत चिऊणी और खबलेच की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों ने विशेष भेंट की।

