जयराम ठाकुर ने मंडी में लिया बाढ़ से हुए नुक्सान का जायजा

punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2023 - 09:32 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भारी बारिश के बीच मंडी पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वह बाढ़ पीड़ितों से भी मिले और हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने भाजपा के सभी नेताओं और कार्यकत्र्ताओं को बाढ़ प्रभावितों की मदद करने का निर्देश भी दिया। नेता प्रतिपक्ष मंडी शहर वार्ड, पड्डल वार्ड के पंचवक्त्र मंदिर, भगवाहन वार्ड के शिवा बावड़ी और विक्टोरिया पुल के आसपास हुए नुक्सान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी प्राकृतिक त्रासदी है, जिससे प्रदेश में जन-धन की बहुत हानि हुई है। अकेले मंडी में 7 बड़े पुल बह गए हैं। ज़्यादातर सड़कें बंद हैं और प्रदेश में कई जगह लोग अभी भी फंसे हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालना हमारी प्राथमिकता है। जयराम ने कहा कि पूरे मामले से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अवगत करवाया है। केंद्र सरकार ने एन.डी.आर.एफ. की टीमें भेजी हैं जो लोगों के राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

आवश्यकता पडऩे पर और भी टीमें भेजी जाएंगी। अमित शाह ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री ने मौसम सही होते ही लाहौल-स्पीति घाटी में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सेना का चॉपर भेजने के लिए कहा है। इस मौके पर उनके साथ मंडी विधायक अनिल शर्मा, सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल, बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी, नाचन विधायक विनोद कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, नगर निगम मंडी की मेयर दीपाली जसवाल, उपमेयर वीरेंद्र भट्ट व सभी पार्षदों समेत भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सेन समेत तमाम स्थानीय नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News