शर्मंसार! मां के साथ सैर पर निकली युवती से छेड़छाड़, पार्क के बाहर की अभद्र हरकत
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 01:36 PM (IST)
Mandi News : जिला मंडी में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। सुंदरनगर के सलाह क्षेत्र में जवाहर पार्क के बाहर मां के साथ सैर पर निकली एक युवती के साथ वीरवार शाम को छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत डीएसपी सुंदरनगर से की है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार रात करीब 9 बजे युवती अपनी मां के साथ रोजाना की तरह सैर के लिए निकली थी। जवाहर पार्क के बाहर पहुंचने पर पीछे से एक युवक आया और युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र हरकत की। युवती और उसकी मां ने जब युवक से इस बारे में पूछा तो वह वहां से भाग निकला। शिकायतकर्ता के अनुसार, युवक डिलीवरी स्टोर के सामने से ग्राऊंड की ओर भागा और बाद में डीएवी स्कूल की दिशा में चला गया। युवती ने शिकायत में यह भी बताया है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध युवक के आने-जाने की गतिविधियां दिखाई दे सकती हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, युवक ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी और उसके पास बैग भी था। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

