Mandi : मजदूरों के साथ मारपीट करने के मामले में एक्शन, CISF जवान का हुआ तबादला
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 04:21 PM (IST)
Mandi News : मंडी के पंडोह बांध की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के एक जवान पर बीबीएमबी में कार्यरत पार्ट टाइम मजदूर नरेंद्र कुमार और तिलकराज ने ड्यूटी के दौरान मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए हैं। इसी के चलते पार्ट टाइम वर्कर्ज यूनियन ने सोमवार को काम बंद कर बीबीएमबी कार्यालय पंडोह में धरना दिया।
पार्ट टाइम वर्कर्ज यूनियन के सदस्यों अनुसार, घटना 22 अगस्त की है। दोनों मजदूर पंडोह डैम पर सीवरेज का काम कर रहे थे। इस कार्य के लिए 2 से अधिक मजदूरों और सीपैंट की आवश्यकता थी। आरोप हैं कि जब दोनों मजदूरों ने काम करने से इनकार किया तो मौके पर ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवान ने उन्हें थप्पड़ मारे और नौकरी से निकालने की धमकी दी। सोमवार सुबह यूनियन के सदस्यों ने मामले को लेकर आवाज उठाई और सभी मजदूरों ने काम बंद कर बीबीएमबी. कार्यालय पंडोह में धरना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता बीबीएमबी पंडोह ई. चंद्रमणि शर्मा ने मजदूरों को बातचीत के लिए कार्यालय बुलाया।
उन्होंने बताया कि संबंधित सीआईएसएफ जवान ने मजदूरों से माफी मांग ली है और उसका तबादला दूसरी जगह कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद मजदूर धरना समाप्त कर अपने-अपने काम पर लौट गए।

