तांदी-संसारी मार्ग पर हिमस्खलन से 6 वाहन फंसे
punjabkesari.in Monday, Mar 07, 2022 - 07:52 PM (IST)

मनाली: रोहली में हिमस्खलन व कडूनाले में भूस्खलन होने से 6 वाहन फंस गए हैं। रोहली और कडूनाले में 10 कि.मी. के बीच फंसे लोगों को रैस्क्यू करने के लिए उदयपुर से टीम पहुंच गई है। बी.आर.ओ. टीम ने मौके पर पहुंच कर सड़क बहाली शुरू कर दी है। अटल टनल रोहतांग के बाद रोहली में हिमस्खलन हुआ है, जबकि कडूनाले के पास भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हुआ है। हालांकि हिमस्खलन होने से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है, लेकिन राहगीरों की दिक्कत बढ़ी है। बी.आर.ओ. ने 12 घंटे बाद केलांग को मनाली से जोड़ दिया है, जबकि तांदी-संसारी मार्ग की बहाली जारी है। डी.जी.आर.ई. ने भी हिमस्खलन तथा मौसम विभाग ने आज यैलो अलर्ट जारी कर हिमापत की आशंका जताई है। मनाली व लाहौल में सुबह से बादल छाए हुए हैं, लेकिन घाटी में शाम तक हिमपात नहीं हो रहा था तथा वाहनों की आवाजाही सुचारू है। रोहली के पास हिमस्खलन व कडूनाले के पास भूस्खलन होने से तांदी-संसारी मार्ग अवरुद्ध चल रहा है। प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर स्थानीय लोगों को फोर व्हील ड्राइव वाहनों सहित टाटा सूमो (जंजीरों के साथ) ही सफर करने की सलाह दी है। पर्यटक भी फोर व्हील ड्राइव वाहनों में ही आ-जा सकते हैं।
बी.आर.ओ. योजक परियोजना के चीफ इंजीनियर जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि अटल टनल रोहतांग के साऊथ पोर्टल में हुए हिमस्खलन को हटा लिया गया है, जबकि तांदी-संसारी मार्ग की बहाली जारी है। रात तक सड़क बहाल कर दी जाएगी। डी.सी. लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि रोहली में फंसे लोगों को रैस्क्यू किया जा रहा है तथा मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही लोग व पर्यटक सफर पर निकलें।