पहाड़ों पर हिमपात का दौर जारी, एक घंटे के लिए खुला मनाली-लेह मार्ग फिर अवरुद्ध

punjabkesari.in Sunday, Oct 01, 2023 - 11:02 PM (IST)

कुल्लू/शिमला (ब्यूरो/संतोष): बीते शनिवार को हिमपात के चलते बंद हुआ मनाली-लेह मार्ग बीआरओ ने बहाल तो कर दिया लेकिन आज एक घंटे बाद फिर से हिमपात का क्रम शुरू हो गया। हालात को देखते हुए लाहौल-स्पीति प्रशासन ने लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। बीआरओ के जवानों ने बारालाचा दर्रे से एक फुट बर्फ को हटाकर सड़क बहाल की। बारालाचा दर्रे के आसपास फंसे वाहनों को लाहौल-स्पीति की रैस्क्यू टीम वापस ले आई थी। यह सभी वाहन आज लेह की ओर रवाना हो गए जबकि लेह से मनाली आ रहे वाहन सरचू में फंस गए थे, वे भी मनाली की ओर निकल आए। दूसरी ओर आज रोहतांग सहित बारालाचा, कुंजुंम, शिंकुला सहित समस्त पहाड़ियों पर हिमपात हुआ। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मयंक चौधरी ने वाहन चालकों से आग्रह किया है कि मौसम साफ होने तक लेह मार्ग पर सफर न करें। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने कहा कि लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

9 जिलों से मानसून ने ली अलविदा
राज्य के 9 जिलों से मानसून अलविदा हो गया है जबकि 3 जिलों से आने वाले 2 दिनों के अंदर प्रदेश में मानसून का प्रभाव पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, चम्बा, मंडी और शिमला जिलों के कई भागों से मानसून चला गया है, वहीं कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों से भी मानसून जल्द विदाई ले लेगा। मानसून सीजन में प्रदेश में 503 लोगों की मौत हुई है जबकि 9000 करोड़ का नुक्सान हो चुका है। 

मशोबरा में 4.5 मिलीमीटर वर्षा
 रविवार को राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में वर्षा हुई है। शिमला में 1, डल्हौजी में 4, मशोबरा में 4.5 मिलीमीटर वर्षा हुई है। पिछले 24 घंटों में 1-2 स्थानों पर वर्षा हुई है, जिसमें मनाली में 13, पंडोह में 3, गोहर व सेओबाग में 2 मिलीमीटर वर्षा हुई है। ऊना में 34.4 डिग्री अधिकतम तापमान रिकाWर्ड किया गया, जबकि राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री रहा है। 

सामान्य से 20 प्रतिशत ज्यादा बरसे मेघ
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि हिमाचल में इस वर्ष 24 जून को मानसून आरंभ हो गया था। 24 जून से लेकर अब तक प्रदेश में कुल 884.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह बारिश सामान्य से 20 प्रतिशत ज्यादा हुई है। आमतौर पर हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान 734 मिलीमीटर बारिश होती है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News

Recommended News