चीखते रहे मासूम, आंखों के सामने ओझल हो गया पिता, रावी नदी में नहाते समय शख्स की डूबने से मौत; परिवार में पसरा मातम
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 02:36 PM (IST)
हिमाचल डेस्क : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां पर रावी नदी में नहाने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नहाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा चंबा शहर के बालू कस्बे के समीप हुआ। मृतक की पहचान अमित कुमार (पुत्र दलीप कुमार), निवासी मोहल्ला पक्काटाला (चंबा) के रूप में हुई है। वह स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि रविवार को अमित अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बालू कस्बे के समीप घूमने निकले था। इसी दौरान वह नहाने के लिए रावी नदी के किनारे पानी में उतर गया। नहाते समय अचानक अमित का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नदी के मुख्य और तेज बहाव की चपेट में आ गया। किनारे पर खड़ी पत्नी और मासूम बच्चों ने जब अमित को डूबते देखा, तो उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक अमित पानी के तेज बहाव के साथ काफी आगे निकल चुका था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से रावी नदी में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप अमित कुमार का शव पानी में तैरता हुआ बरामद किया गया।पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) चंबा, विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

