हिमाचल में रिश्ते हुए तार-तार, कलियुगी चाचा ने 2 सगी नाबालिग भतीजियों से की दरिंदगी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 11:39 AM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद संगीन मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा व्यक्ति ने अपनी ही दो सगी नाबालिग भतीजियों को अपनी हवस का शिकार बनाया है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।

अलग-अलग जगहों पर दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार दोनों पीड़ित बहनें नाबालिग हैं, जिनमें से एक की उम्र 16 वर्ष और दूसरी की 15 वर्ष है। आरोपी ने दोनों के साथ अलग-अलग स्थानों पर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। उसने 16 वर्षीय बड़ी भतीजी के साथ घर के अंदर, जबकि 15 वर्षीय छोटी भतीजी के साथ खेत में दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद डरी-सहमी पीड़ित बहनों ने जब आपबीती अपने माता-पिता को बताई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना का पता चलते ही पिता ने तुरंत महिला पुलिस थाना चम्बा पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।

पीड़िताओं का हुआ मेडिकल परीक्षण
उधर, चम्बा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम द्वारा दोनों पीड़ित बहनों का विस्तृत मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि महिला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होते ही जल्द से जल्द कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिल सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News