नाहन: शामरा गांव में वन विभाग के पिंजरे में फंसा तेंदुआ, लोगों ने ली राहत की सांस
punjabkesari.in Sunday, Jan 14, 2024 - 07:58 PM (IST)

नाहन (ब्यूरो): सिरमौर जिला के तहत नौहराधार तहसील के बोगधार के समीप शामरा गांव में करीब 6-7 दिन के बाद क्षेत्र में दहशत का पर्याय बन रहा तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में फंस गया। पिछले कई दिनों से इस तेंदुए को दबोचने के लिए विभाग ने यहां पिंजरा लगाया हुआ था। अब तेंदुए की मैडीकल जांच करवा उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों के मुताबिक शामरा के जंगल व गांव के आसपास लगातार यह तेंदुआ दिखाई दे रहा था। क्षेत्र में कई पशुपालकों के मवेशियों को भी यह अपना निवाला बना चुका था, ऐसे में क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों के आग्रह पर वन विभाग ने गांव के समीप पिंजरा लगाया। इसी बीच खाने के लालच में तेंदुआ शनिवार रात पिंजरे में फंस गया। रविवार सुबह जब पिंजरे के पास से ग्रामीण गुजर रहे थे तो उन्होंने देखा कि तेंदुआ पिंजरे में फंस गया है। इसके बाद वन विभाग को मामले की सूचना दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार 4 दिन पहले ही नौहराधार तहसील कार्यालय के नजदीक भी एक तेंदुआ घर के आंगन में घूमता हुआ नजर आया था, जिसे बाद में सीसीटीवी में भी देखा गया। बता दें कि करीब एक महीने पहले सेर तंदुला पंचायत के बराड़ी गांव निवासी भीम सिंह को भी एक तेंदुए ने बुरी तरह से नोच दिया था। हालांकि हमले में भीम सिंह की जान तो बच गई लेकिन तेंदुए ने उसे लहूलुहान कर दिया था। उधर, श्री रेणुका जी वन मंडल की डीएफओ उर्वशी ठाकुर ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया गया था, जिसमें शनिवार रात को यह तेंदुआ फंस गया। उन्होंने बताया कि तेंदुए की मेडिकल जांच करवाने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here