Hamirpur: वन विभाग का बड़ा एक्शन, तस्करों के साथ खैर की लकड़ी से भरा टैम्पो पकड़ा
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 05:41 PM (IST)
बड़सर (सुभाष): वन विभाग बिझड़ी ने क्षेत्र में सक्रिय वन तस्करों के खिलाफ गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग की टीम ने सतर्कता दिखाते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही खैर की लकड़ी की एक बड़ी खेप को टैम्पो सहित कब्जे में लिया है। जानकारी के अनुसार वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नगरोटा सूरियां की तरफ से खैर की लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही रेंज ऑफिसर कमल शर्मा और खंड अधिकारी विनोद राणा के नेतृत्व में विभाग की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार दोपहर को शनि मंदिर डुगाड़ के पास टीम ने एक टैम्पो को चैकिंग के लिए रोका।
तलाशी के दौरान टैम्पो में खैर की लकड़ी के लगभग 26 मौछे बरामद किए गए। वाहन चालक और उसमें सवार व्यक्ति लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सके। विभाग ने तुरंत कार्यवाही करते हुए लकड़ी से भरे टैम्पो को अपनी हिरासत में ले लिया।
रेंज ऑफिसर कमल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि खैर की अवैध लकड़ी से भरे टैम्पो को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध धंधे में शामिल अन्य लोगों और नैटवर्क का पता लगाया जा सके। वन अधिनियम के तहत आगामी कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

