शिमला में फिर दिखा तेंदुआ! CCTV में कैद, लोगों में दहशत

punjabkesari.in Tuesday, Jul 08, 2025 - 01:22 PM (IST)

शिमला, (ब्यूरो): राजधानी शिमला के उपनगर टुटू में फिर से तेंदुआ दिखा है। इससे लोगों में दहशत है। ये तेंदुआ एक मोटरसाइकल के शो रूम में लगे सी.सी.टी.सी. कैमरा में कैद हुआ है। गत रात न्यू टुटू के तवी मोड़ पर एक तेंदुआ दिखा है। कैमरा में दिखाई दे रहा है कि इस तेंदुए ने कुत्ते पर हमला किया, लेकिन कुत्ते को पता चल गया तथा वह वहां से - भाग खड़ा हुआ। 

इसके बाद यह तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। वहीं स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है। पार्षद अनिता शर्मा ने बताया कि तेंदुए की जानकारी मिलने के बाद इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई है। उन्होंने बताया कि टुटू क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। 

उन्होंने विभाग से तेंदुओं को पकड़ने का आग्रह किया है। कुछ दिन पूर्व टुटू के साथ लगती ग्राम पंचायत रामपुरी में भी एक तेंदुआ दिखाई दिया था। इसके अलावा टुटू के विजयनगर में भी एक मादा तेंदुआ तथा उसका शावक देखा गया था। साथ ही अन्य अन्नाडेल, कैथू कनलोग, जाखू, बी.सी.एस. में भी तेंदुए देखे गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News