चम्बा की पल्यूर पंचायत में आतंक मचाने वाला तेंदुआ काबू, लोगों ने ली राहत की सांस
punjabkesari.in Saturday, Jan 28, 2023 - 06:44 PM (IST)

चम्बा (शिव/रणवीर): चम्बा जिले की पल्यूर पंचायत में आतंक का पर्याय बन चुके तेंदुए को वन विभाग की टीम ने शनिवार को पकड़ लिया। विभाग ने स्थानीय लोगों के सहयोग से इस कार्य को अंजाम दिया। तेंदुए को पिंजरे में कैद करने के बाद वन वृत्त चम्बा लाया गया, जहां से उसे दूसरे जंगल में छोड़ा जाएगा। तेंदुए की पल्यूर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से काफी दहशत थी। इसके चलते लोगों का अकेले घर से निकलना मुश्किल हो गया था। कुछ लोगों ने वन विभाग को जानकारी दी ताकि उसे काबू करके दूसरे जंगल में छोड़ा जा सके।
2 दिनों से नजर बनाए हुए थी टीम
शनिवार सुबह क्षेत्र के लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो बेहोशी का इंजैक्शन देकर तेंदुए को पिंजरे में कैद किया, ताकि तेंदुआ क्षेत्र में किसी व्यक्ति या पालतू पशुओं को नुक्सान न पहुंचाए। तेंदुए को जब चम्बा लाया गया तो वन वृत्त चम्बा में लोगों की काफी भीड़ जुट गई। तेंदुए के पकड़ने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। उधर, डीएफओ चम्बा अमित ने बताया कि विभाग की टीम 2 दिनों से लगातार नजर बनाए हुए थी। अभी कुछ समय तक तेंदुए को पिंजरे में रखा जाएगा। इसके बाद इसे दूर जंगल में छोड़ा जाएगा।
तेंदुए ने भेड़-बकरियों को बनाया था निशाना
बता दें कि तेंदुए ने पल्यूर में भेड़-बकरियों को अपना निशाना बनाया था, जिसके बाद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए उसे गऊशाला में कैद करके रखा था। इसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया लेकिन टीम के पहुंचने तक तेंदुआ गऊशाला में छेद करके भाग गया था।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here