बगीचे में घास काट कर रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, बुरी तरह से नोचा

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2020 - 11:29 PM (IST)

आनी (ब्यूरो): कुल्लू जिला के आनी उपमंडल की ग्राम पंचायत खणी के मौहवीं गांव की एक महिला को शुक्रवार दोपहर बाद एक तेंदुए ने हमला कर बुरी तरह नोच डाला। जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय कृष्णा देवी पत्नी मोहर सिंह अपने बगीचे में घास काट कर रही थी। बगीचा जंगल के साथ सटा होने के कारण पहले से ही घात लगाए बैठे एक तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। महिलाके जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने पर तेंदुआ डरकर वहां भाग गया लेकिन उसने महिला को बुरी तरह से नोच डाला था।

ग्राम पंचायत खणी के प्रधान अनूप ठाकुर ने बताया कि तेंदुए के हमले में घायल हुई महिला को प्राथमिक उपचार के बाद आनी अस्पताल भेज दिया गया है। इस दौरान फोरैस्ट गार्ड विकास रोच के अलावा वन कर्मी त्वारू राम भी मौके पर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को जल्द से जल्द पकडऩे की गुहार लगाई है ताकि भविष्य में लोगों को डर के साये में न रहना पड़े।

बता दें कि तेंदुआ कई बार ग्रामीणों पर हमला कर चुका है। कुछ माह पहले भी तेंदुआ एक 3 वर्षीय बच्ची को अपना शिकार बना चुका है। आनी के विभिन्न गांवों में तेंदुए के हमले बढ़ रहे हैं। वहीं वन विभाग के अधिकारी ने कहा कि पिंजरा लगाने के आदेश दे दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News