लेखराज को सौंपी सर्वकल्याणकारी संस्था के नए जिलाध्यक्ष की कमान

punjabkesari.in Saturday, Feb 20, 2021 - 03:51 PM (IST)

सुजानपुर (ब्यूरो): सर्वकल्याणकारी संस्था का जिलाध्यक्ष लेखराज ठाकुर को बनाया गया है। विधायक राजेंद्र राणा के पटलांदर हाऊस में हुई सर्वकल्याणकारी संस्था के पदाधिकारियों की बैठक में लेखराज को जिलाध्यक्ष बनाने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व जिलाध्यक्ष शक्ति चंद की आकस्मिक मृत्यु के बाद यह पद लंबे अरसे से खाली चल रहा था,जिसको लेकर कमान अब लेखराज को देने का फैसला लिया गया है। सर्वकल्याणकारी संस्था जरूरतमंदों को मदद, बीमार लोगों को मेडिकल कैंप, गरीब लड़कियों की शादियों के लिए आर्थिक सहायता देने के लिए जानी जाती है। इस संस्था में हमीरपुर जिला के साथ प्रदेश के कई जिलों से अधिकांश पूर्व सैनिक सेवा साधना के मकसद से जुड़े हैं।

सामाजिक कार्यों में अग्रणी सर्वकल्याणकारी संस्था क्षेत्र में दशकों से सक्रिय है, जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष विधायक राजेंद्र राणा हैं। एक्स सर्विसमैन सैल, महिला सैल व यूथ विंग सहित कई सहयोगी संस्थाएं इस समय संस्था की शाखाओं के तौर पर काम कर रही हैं क्योंकि संस्था का उद्गम सुजानपुर से हुआ है इसलिए इस संस्था का अधिकांश काम हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में रहता है जबकि अब संस्था ने अपने कार्यक्षेत्र का विकास करते हुए समूचे उत्तरी भारत के साथ देश के कई भागों में इसका काम शुरू किया है। अपनी नियुक्ति के बाद सर्वकल्याणकारी संस्था के नवनियुक्त अध्यक्ष लेखराज ठाकुर ने कहा कि सर्वकल्याणकारी संस्था पिछड़े वंचितों व जरूरतमंदों के लिए लगातार काम करती आ रही है। अपनी नियुक्ति के लिए लेखराज ठाकुर ने सर्वकल्याणकारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र राणा के साथ-साथ संस्था के तमाम पदाधिकारियों का आभार जताया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News