ज्यूरी-सराहन सड़क मार्ग पर भूस्खलन से गिरी बड़ी-बड़ी चट्टानें, 12 घंटे बंद रहा यातायात

punjabkesari.in Saturday, Apr 01, 2023 - 07:33 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): शिमला जिला के उपमंडल रामपुर के अतंर्गत ज्यूरी-सराहन सड़क पर त्यावल में भूस्खलन के चलते चट्टानों के गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। सड़क मार्ग के बंद होने से यातायात भी बंद हो गया। यह घटना सुबह करीब 4 बजे घटित हुई। इसके बाद क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई। एकाएक सड़क के बंद होने से स्कूल, कॉलेज व कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों व स्थानीय लोगों सहित यात्रियों को भारी परेशानी का सामाना करना पड़ा। विशेषकर प्रात:काल सराहन से शिमला जाने वाली बस की सवारियों को भारी परेशानी हुई। यात्रियों को पैदल ही सफर कर दूसरे स्टेशन तक पहुंचना पड़ा। लोगों को मार्ग के खुलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। 
PunjabKesari

वाया नवारू सड़क मार्ग से भेजे सराहन से ज्यूरी आने वाले वाहन 
ज्यूरी-सराहन सड़क मार्ग के बंद होने के उपरांत प्रशासन ने सराहन से ज्यूरी आने वाहनों को वाया नवारू सड़क मार्ग से भेजने की व्यवस्था की गई। लेकिन इस सड़क मार्ग के खस्ताहाल होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क मार्ग में गहरे गड्ढे होने कारण वाहन चालकों को ड्राइविंग करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस सड़क मार्ग में लम्बे समय से टारिंग का कार्य नहीं हुआ है। इसको लेकर कई बार स्थानीय लोग प्रशासन से मिल चुके हैं लेकिन अभी तक सड़क मार्ग में तारकोल बिछाने का कार्य नहीं हुआ है। इसके कारण सड़क मार्ग की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। 
PunjabKesari

मार्ग बहाल करने में लगा 12 घंटे का समय
लोक निर्माण विभाग की ढुलमूल नीतियों के कारण सड़क मार्ग को खोलने के लिए काफी समय लग गया। विभाग सड़क मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों को समय पर नहीं पहुंचा पाया। इसके कारण सड़क मार्ग को खोलने के लिए रैस्क्यू अभियान देरी से शुरू किया गया। विभाग को सड़क मार्ग को यातायात को बहाल करने के लिए करीब 12 घंटे का समय लग गया। जानकारी के अनुसार विभाग ने अपनी जेसीबी मशीन को रामपुर भेज दिया है। लोक निर्माण विभाग सराहन डिवीजन के सहायक अभियंता गोवर्धन शर्मा ने बताया कि सराहन-ज्यूरी सड़क वाहनों की आवाहजाही के लिए बहाल कर दी है। उन्होंने बताया कि सराहन क्षेत्र के जेसीबी मशीन को रामपुर भेजा गया है, ऐसे में निजी ठेकेदारों की जेसीबी मशीन को हायर किया गया है। इसके कारण सड़क मार्ग को खोलने के लिए देरी हो गई। 

भूस्खलन वाले स्थलों व ब्लैक स्पॉट हटाने के लिए तैयार की डीपीआर  
लोक निर्माण विभाग ने सराहन डिवीजन के अतंर्गत भूस्खलन व ब्लैक स्पॉट क्षेत्र का भी चयन किया है। इस बारे में डीपीआर तैयार कर विभाग को मंजूरी के लिए भेजा है। विभाग ने करीब 42 लाख रुपए की डीपीआर तैयार की है। इस डीपीआर रामपुर के पंद्रहबीश क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्र किन्फी, पैरीनाला, लबाना-सदाना, मोचा ढांक, किन्नू, कटोलू पुल के नजदीक, पंद्रहबीश सड़क मार्ग, जगोरी, सरपारा, क्षेत्रों का चयन किया गया। इसके अलावा ज्यूरी-सराहन सड़क मार्ग को चौड़ा करने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। इसमें सड़क मार्ग में क्रैश बैरियर लगाने, सड़क मार्ग की कंटिंग करने का कार्य किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग सराहन डिवीजन के सहायक अभियंता गोवर्धन शर्मा ने बताया कि विभाग को क्षेत्र में सड़क मार्ग को ठीक करने के लिए 42 लाख रुपए की डीपीआर भेजी है।

भूस्खलन व चट्टानें गिरने से स्थानीय लोगों में दशहत 
एकाएक भूस्खलन व चट्टानों के गिरने के कारण स्थानीय लोगों में दशहत का वातावरण हो गया है। इस क्षेत्र में रहने वाले लोग अपने परिवार के साथ सुरक्षित स्थान की ओर रवाना हो गए हैं। स्थानीय निवासी बलबीर व कमलानंद ने बताया कि अचानक चट्टानों के गिरने आसपास के लोगों में दशहत हो गई है। लोगों को अपने व अपने परिवार की चिंता सताने लगी है। क्षेत्र में भूस्खलन होने व चट्टानों गिरने की लम्बे समय से कोई सम्भावना नहीं थी। इसके बावजूद भी एकाएक भूस्खलन व चट्टानों के गिरने से डर का मौहाल हो गया है। इसके अलावा बीते वर्ष जिला किन्नौर के निगुलसारी, चौरा व रामपुर के बधाल व ब्रौनी खड्ड में भूस्खलन के कारण भी यातायात घंटों बाधित रहे चुका है।  

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News