कुल्लू की जिंदौड़ पंचायत के नागचा गांव में भूस्खलन, 20 घरों को खाली करवाया

punjabkesari.in Saturday, Feb 26, 2022 - 11:20 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): जिला कुल्लू में भारी बारिश से जिंदौड़ पंचायत के नागचा गांव के ऊपर जंगल में भूस्खलन हुआ है, जिसके कारण नागचा गांव के 20 घरों को नुक्सान होने का खतरा बना हुआ है, ऐसे में गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने घरों को छोड़ कर दूसरी जगह शरण ली है। जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम को पहाड़ी से भूस्खलन हुआ, जिसमें पत्थर, मिट्टी व पेड़ टूट कर गांव के आसपास पहुंच गए। पहाड़ी से अभी भी भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है। गनीमत यह रही कि इस भूस्खलन के कारण कोई जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ है। जिंदौड़ पंचायत प्रधान हीरा लाल ठाकुर ने कहा कि नागचा गांव में इसी जगह पर 7 महीने पहले भी भूस्खलन हुआ था, जिस पर प्रशासन की टीम ने मौके का दौरा भी किया था तथा भू-वैज्ञानिकों की टीम भी मौके पर पहुंची थी, परंतु उसके बाद प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे एक बार फिर से भूस्खलन की घटना हुई है। गांव के 20 घरों को नुक्सान के खतरे को देखते हुए खाली करवाया गया है। उन्होंने प्रशासन से भूस्खलन को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।

डीसी ने एसडीएम को मौका करने के दिए निर्देश

डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि  जिंदौड़ पंचायत के नागचा गांव में भूस्खलन हुआ है, लेकिन किसी प्रकार का कोई जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ है। एसडीएम को मौका करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल लोगों को सुरक्षित स्थानों में शिफ्ट किया गया है। भारी बारिश से कई जगह पर भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं और कई ग्रामीण सड़कें भी बंद हुई हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News