हिमाचल में दर्दनाक हादसा! बिजली लाइन पर काम रहे कर्मचारी की करंट लगने से मौत; सुपरवाइजर व कंपनी पर मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 12:34 PM (IST)

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से एक कर्मचारी की जान चली गई। घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब एडीआईटी-06 के पास कार्य चल रहा था। परिजनों ने इस मौत के लिए बिजली सब-स्टेशन के सुपरवाइजर और संबंधित जेएसडब्ल्यू कंपनी प्रबंधन की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

खाई में जा गिरा मजदूर

मृतक की पहचान टटरोग निवासी छम्मू (पुत्र बशीर मोहम्मद) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, छम्मू और उसका भाई महवूब पिछले दो वर्षों से खड़ामुख-बैराज साइट के बीच बिजली लाइन बिछाने का काम कर रहे थे। 13 मार्च को पोल पर चढ़ने से पहले छम्मू ने मच्छेत्तर सब-स्टेशन के सुपरवाइजर बृज मोहन को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करने का आग्रह किया था। सब-स्टेशन से लाइन बंद होने की पुष्टि मिलने के बाद ही छम्मू पोल पर चढ़ा, लेकिन अचानक करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह पोल से असंतुलित होकर करीब 25 मीटर गहरी ढांक (खाई) में जा गिरा।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद मृतक के भाई और कंपनी के कर्मचारियों ने उसे सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और चंबा मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लापरवाही का आरोप

पुलिस की प्राथमिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर यह हादसा लापरवाही के कारण होना पाया गया है। पुलिस ने बताया कि सुपरवाइजर बृज मोहन और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल, मामले की आगामी जांच जारी है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News