Kullu: 28 दिन बाद सोलंगनाला में पर्यटन गतिविधियां शुरू

punjabkesari.in Monday, Feb 24, 2025 - 05:13 PM (IST)

मनाली, (सोनू): मनाली में 28 दिन से चले आ रहे मतभेद को पर्यटन विभाग के हस्तक्षेप से दूर हो गए हैं। मतभेद दूर होते ही पर्यटन स्थलों में पर्यटन गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं। पर्यटन कारोबारियों के मतभेद के चलते सोलंगनाला सहित सभी पर्यटन स्थलों में पर्यटन गतिविधियां बंद हो गई थी। पर्यटन स्थलों में काम करने वालों का आरोप था कि कुछ लोग पैकेज के नाम पर उनका कारोबार प्रभावित कर रहे हैं।

पैकेज से मतभेद इतने बढ़ गए कि विधायक भुवनेश्वर गौड़ सहित प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। एस.डी.एम. मनाली सहित डी.टी.डी.ओ. व तहसीलदार मनाली लगातार पर्यटन कारोबारियों के मतभेद दूर करने के प्रयास करते रहे। विधायक ने सभी पर्यटन कारोबारियों को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। 28 दिन बाद आज मनाली में पर्यटन कारोबारियों की बैठक हुई जिसमें मतभेद दूर हो गए।

स्की के नाम पर अब कोई पैकेज नहीं बेचा जाएगा। स्कीइंग की एक मजबूत एसोसिएशन बनेगी जो प्रशासन के निर्देशों पर काम करते हुए पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं देगी। गौर हो कि पिछले 28 दिन से पर्यटकों को पर्यटन गतिविधियों से रू-ब-रू होने का मौका नहीं मिल रहा था लेकिन अब सभी पर्यटन कारोबारी अपनी-अपनी पर्यटन गतिविधियों को शुरू करेंगे। डी.टी.डी.ओ. कुल्लू सुनयना शर्मा ने कहा कि सभी कारोबारियों को मिलजुलकर काम करने को कहा गया है। स्कीइंग को फिर से रैगुलेट किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News