Kullu: जल्द उदयपुर से जुड़ेगी मायड़ घाटी, शेष सड़कों की बहाली का कार्य जारी
punjabkesari.in Monday, Apr 07, 2025 - 03:30 PM (IST)

मनाली, (सोनू): मायड़ घाटी जल्द ही उदयपुर उपमंडल से जुड़ जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग की बहाली के लिए 4 मशीनें लगाई हैं। उदयपुर से खंजर तक जगह-जगह नालों में भारी हिमस्खलन हुआ है। यह हिमस्खलन ही सड़क बहाली में बाधा बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग युद्धस्तर पर सड़क को बहाल करने में जुटा है।
सर्दियों के चलते हिमपात से बंद हुई लाहौल-स्पीति की सभी सड़कों को बहाल कर दिया गया है। अधिशासी अभियंता पवन राणा ने बताया कि मायड़ घाटी की सड़क की बहाली भी जल्द होने वाली है। उन्होंने बताया कि कुछ ही दिन में मायड़ घाटी को उदयपुर से जोड़ दिया जाएगा। विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि मयाड़ सड़क मार्ग को बहाल करने का कार्य प्रगति पर है। पिछले कल भींगी नाला को बहाल कर दिया गया है और 4 मशीनें सड़क बहाली में जुटी हैं। मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।