जयराम सरकार के कार्यकाल में शिखर पर नहीं ढलान पर पहुंचा हिमाचल : राठौर

punjabkesari.in Saturday, Apr 03, 2021 - 06:02 PM (IST)

मंडी (रजनीश): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि सही नेतृत्व की पहचान संकट की घड़ी में होती है। कोरोना वायरस के बीच सरकार किसी भी वर्ग को राहत प्रदान नहीं कर पाई है। शनिवार को मंडी में प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का 3 साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 4 नगर निगमों के चुनाव कांग्रेस के समय हुए विकास बनाम भाजपा के विनाश के बीच हो रहे हैं। एक तरफ कांग्रेस का विकास है तो दूसरी तरफ भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा विनाश है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि हिमाचल शिखर पर जा रहा है। प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकारें थीं तो हिमाचल शिखर पर था लेकिन अब भाजपा की सरकार प्रदेश में है तो धीरे-धीरे हिमाचल शिखर से ढलान पर पहुंच गया है।

राठौर ने कहा कि महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। इस कारण आम आदमी को दो वक्त की रोटी का प्रबंध करना मुश्किल हो रहा है। घरेलू गैस का सिलैंडर महंगा होता जा रहा है। रसोईघर का सामान दालें, खाने के तेल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इस पर सरकार का किसी भी तरह से नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी राशन की दुकानों में राशन भाजपा सरकार महंगे दामों पर लोगों को प्रदान कर रही है। डिपो में राशन खरीदना अब आम आदमी की पहुंच से दूर हो गया है। जिस मकसद से प्रदेश में पीडीएस सिस्टम चलाया गया था अब उसके कोई मायने इस सरकार ने नहीं रहने दिए हैं।

राठौर ने कहा कि विश्व स्तर पर कच्चे तेल के दाम सबसे निचले स्तर पर हैं। बावजूद इसके डीजल-पैट्रोल के दाम बढ़ते जा रहे हैं लेकिन आम लोगों को कोई राहत नहीं मिल पा रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। कोरोना काल में तो भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ा है। प्रदेश सरकार के इस कार्यकाल में अपराधियों के हौसले बुलंद हुए हैं। बावजूद इसके प्रदेश सरकार का प्रदेश में कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम सरकार विकास को आगे नहीं बढ़ा पाई है। नगर निगम चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हर वार्ड में जाकर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो गए हैं। अगर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विकास करवाया है तो उन्हें वार्ड-वार्ड में जाकर घूमना नहीं पड़ता। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नगर निगम चुनावों के दौरान सरकारी तंत्र का जमकर दुरुपयोग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नगर निगम के चुनावी दौरों के दौरान हैलीकॉप्टर का बेवजह लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं। इस संबंध में शिकायत चुनाव आयोग से की गई है और आगे भी की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News