दिल्ली में सोनिया गांधी से मिले राठौर, जानिए किन मुद्दों पर की चर्चा

Wednesday, Jan 08, 2020 - 09:26 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बुधवार को अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके निवास स्थान 10 जनपथ में मुलाकात की। इस दौरान राठौर ने सोनिया गांधी को प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठा रही है। इसके साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भी एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उनके अनुसार सोनिया गांधी ने प्रदेश कांग्रेस के कार्यों पर संतोष जताया। सोनिया गांधी ने कहा कि जनता की समस्याओं को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज न किया जाए। देश की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई जैसी जटिल समस्याओं को पार्टी प्रमुखता से उठा रही है और प्रदेश स्तर पर भी ऐसे मुद्दों को लेकर मजबूती से लोगों के बीच जाना होगा।

प्रदेश के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ जारी रखें चर्चा और संवाद

सोनिया गांधी ने कहा कि देश के लोगों की समस्याओं को दूर करने में कांग्रेस पार्टी को अपनी जिम्मेदारी निभानी है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा। सूचना के अनुसार सोनिया गांधी ने प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने और पार्टी के साथ आम लोगों को जोडऩे पर बल देते हुए कहा कि इसके लिए प्रदेश के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ चर्चा और संवाद जारी रखें। उन्होंने कहा कि पार्टी में अधिक से अधिक कार्यकत्र्ताओं को जोड़ा जाना चाहिए।

कार्यकारिणी का गठन जल्द

प्रदेश कांग्रेस की राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन जल्द कर दिया जाएगा। सूचना के अनुसार इस मसले पर भी दिल्ली में चर्चा हुई है। माना जा रहा है कि आगामी सप्ताह में प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

Vijay