सीएम को मिली धमकी पर राठौर ने जताया संदेह, बोले-कहीं उपचुनावों में लाभ लेने की तैयारी तो नहीं (Video)

punjabkesari.in Saturday, Jul 31, 2021 - 09:34 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मिले धमकी भरे फोन की जांच होनी चाहिए। इस मामले में धमकी देने वाले बेनकाब होने चाहिए। सोलन में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने इस मामले की जांच करवाने की मांग मुख्यमंत्री से की और कहा कि वह कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष होने के साथ एक अधिवक्ता भी हैं और हर मामले को गंभीरता से देखते हैं। मुख्यमंत्री को धमकी देकर कुछ शरारती लोग प्रदेश का शांतिपूर्ण माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। यह भी सवाल उठाया कि कहीं यह धमकी प्रदेश में होने वाले आगामी उपचुनाव को देखते हुए तो नहीं दी जा रही है। भाजपा कहीं इस धमकी का राजनीतिक फायदा लेने का प्रयास तो नहीं कर रही है। आज तक कभी पंजाब के मुख्यमंत्री को ऐसी धमकियां नहीं मिलीं तो ऐसी क्या वजह है कि केवल हिमाचल के मुख्यमंत्री को ही धमकियां दी जा रही हैं। यदि यह सही मायने में धमकी है तो इसकी जांच भारत सरकार किसी बड़ी एजैंसी से करवाए। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री व गृह मंत्री से बात करनी चाहिए।

वर्ष 2022 के चुनाव का नेतृत्व मैं ही करूंगा

राठौर ने कहा कि वह दिल्ली से केंद्रीय हाईकमान से मिलकर आए हैं और वर्ष 2022 के चुनाव का नेतृत्व वे ही करेंगे। इस बयान के साथ ही उन्होंने उन अटकलों और चर्चाओं पर भी विराम लगा दिया जिसमें पार्टी अध्यक्ष को बदले जाने की बातें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्र बम का कोई भी वजूद नहीं है। ऐसे पत्र बम प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते उन्हें दर्जनों मिलते हैं जिन्हें वह फाड़कर कूड़ेदान में डाल देते हैं। यदि कोई उन पर आरोप लगाना चाहता है तो वह खुलकर सामने आए और आरोप लगाए। इस प्रकार की घटिया राजनीति न करे।

जब से अध्यक्ष बना हूं तब से चल रहीं हटाने की चर्चाएं

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब से वे अध्यक्ष बने हैं उन्हें हटाने को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह हाल कांग्रेस में नहीं भाजपा में भी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को हटाने को लेकर भी इस प्रकार की चर्चाएं चलती रही हैं लेकिन मुख्यमंत्री पिछले 4 साल से सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट है तथा आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी। आगामी उप चुनावों में कांग्रेस पार्टी के सभी उम्मीदवार जीतकर आएंगे।

बरसात ने खोली सरकार के इंतजामों की पोल

राठौर ने कहा कि हिमाचल में बरसात के मौसम में अधिकतर क्षेत्रों में तबाही मची हुई है व अधिकतर राज्य मार्ग बारिश के चलते खराब हालत में हैं। कई लोगों की मलबे के नीचे दबने से मृत्यु हो चुकी है। इसी बीच हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन शुरू हो चुका है। सरकार के इंतजामों की पोल इस बरसात ने खोल दी है। कई स्थानों पर बागवान अपने सेब लेकर मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। प्रदेश में कई स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध पड़े हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News