Kullu: रोहतांग पास जाने के लिए परमिट अनिवार्य, बिना परमिट प्रवेश नहीं होगा
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 11:20 PM (IST)
केलांग (ब्यूरो): जिला पर्यटन विकास अधिकारी लाहौल-स्पीति कुनिका एकर्स ने कहा कि कोकसर से रोहतांग पास की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं आम नागरिकों को परमिट प्राप्त करना अनिवार्य है। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण द्वारा रोहतांग पास जाने वाले वाहनों की प्रतिदिन संख्या 1,200 निर्धारित की गई है, जिसका सभी पर्यटकों एवं वाहन चालकों को पालन करना होगा। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए रोहतांग पास जाने के लिए निर्धारित संख्या के अनुसार ही वाहनों को अनुमति प्रदान की जा रही है। ऐसे में बिना वैध परमिट के किसी भी वाहन को रोहतांग पास की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कुनिका एकर्स ने कहा कि यदि कोई पर्यटक या आमजन बिना परमिट के कोकसर अथवा गुलाबा की ओर से रोहतांग पास जाने का प्रयास करता है तो उसे संबंधित पुलिस चैक पोस्ट पर ही रोक दिया जाएगा। इससे यात्रियों को अनावश्यक असुविधा और समय की बर्बादी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने पर्यटकों एवं वाहन चालकों से आग्रह किया कि वे अपनी यात्रा की पूर्व योजना बनाते हुए निर्धारित वैबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर परमिट प्राप्त करें। उसके उपरांत ही रोहतांग पास की यात्रा करें।

