Solan: दो दिनों से धधक रही जंगल में भीषण आग, वायुसेना ने बुझाने को आसमान से बरसाया पानी

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 10:35 PM (IST)

कसौली (जितेंद्र): क्षेत्र में दो दिनों से लगातार जंगल की भीषण आग धधक रही है। भारतीय वायुसेना ने पुष्टि की है‌ कि कल शाम पांच बजे से ही नागरिक प्रशासन की सहायता में अग्निशमन अभियान पूरे जोश के साथ जारी है और रात के अंधेरे में भी यह ऑप्रेशन बिना रुके चलता रहा। वायुसेना के हैलीकॉप्टरों ने चंडीगढ़ की सुखना झील से पानी भरकर बम्बी बकेट अभियान के तहत 15 से अधिक उड़ानें भरीं और आग प्रभावित क्षेत्रों पर 40,000 लीटर से अधिक पानी गिराया।

जहां जमीनी दल पहुंचने में असमर्थ थे, वहां हैलीकॉप्टरों ने दिन-रात अभियान चलाकर आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की। आग कसौली वायुसेना स्टेशन के समीप से भड़ककर कोटी, सनावर, गड़खल और मनोण, जागेशु, सीआरआई, मंकी प्वाइंट कसौली के घने जंगलों तक फैल चुकी है। भारी मात्रा में वन संपदा जलकर राख हो गई है तथा वन्य प्राणियों के प्राकृतिक आवास को भी गंभीर क्षति पहुंची है। वन विभाग की टीमें, दमकल कर्मी और स्थानीय प्रशासन भी राहत कार्य में पूरी तरह जुटे हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News