Kangra: लापता महिला का 10 दिन बाद भी नहीं लगा कोई सुराग, घर पर रहती थी अकेली

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2024 - 10:05 AM (IST)

हिमाचल डेस्क (बिशन): ग्राम पंचायत मस्सल के ओचा गांव की लापता महिला राजकुमारी का 10 दिन बीत जाने के उपरांत भी कोई सुराग नहीं लगा है। बुधवार को डी.एस.पी. कांगड़ा अंकित शर्मा व एस.एच.ओ. नगरोटा बगवां चमन लाल ने करीब 50 पुलिस जवानों की टुकड़ी के साथ पूरे गांव व जंगल का चप्पा-चप्पा छान मारा लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया।

हालांकि पुलिस ने महिला की तलाश हेतु डॉग स्क्वायड की मदद भी ली लेकिन सफलता हाथ न लगी। इस कारण महिला के परिजन काफी परेशान हैं। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत मस्सल के ओचा गांव की राजकुमारी (54) पत्नी स्वर्गीय हरवंश लाल 22 सितम्बर को प्रातः करीब 9.30 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई थी।

परिजनों ने जगह जगह उसकी तलाश की लेकिन कहीं पता न चला तो महिला के देवर ने स्थानीय पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। उक्त महिला के पति का देहांत 17 वर्ष पूर्व हो चुका है तथा महिला की कोई संतान नहीं है तथा वह घर पर अकेली ही रहती थी।

इसकी पुष्टि करते हुए डी. एस. पी. कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि जिस दिन पुलिस को महिला के गुम होने की सूचना मिली, पुलिस ने उसी दिन से मामले की छानबीन शुरू कर दी है तथा तलाश भी जारी है। पुलिस सभी तथ्यों पर गहनता से जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News