नकली टिकट ओर वीजा देकर कांगड़ा के जालसाज ने अम्ब के युवक से ठग लिए इतने रुपए

punjabkesari.in Thursday, Jul 18, 2024 - 07:25 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला पुलिस थाना अम्ब में दर्ज हुआ है। पुलिस ने कांगड़ा निवासी आरोपी अरविंद कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्त्ता नीरज पुत्र रमन कुमार निवासी गांव घेवट बेहड़ (अम्ब) ने बताया कि वह वर्ष 2022 में सैक्टर-26 चंडीगढ़ में में वेटर के रूप में काम करता था। आरोपी से जनवरी 2022 में मुलाकात हुई और उसने कहा कि वह भी हिमाचल प्रदेश से है।

आरोपी ने कहा कि उसने पहले ही कई हिमाचली लड़कों को विदेश में अच्छी नौकरियों पर नियुक्त करवाया है। उसने आरोपी के हिमाचली होने का विश्वास करके विदेश में नौकरी का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। कुछ दिन के बाद उसने मेरे पिता से टैलीफोन पर बात की और विदेश में अच्छी नौकरी पर भेजने और नियुक्त करने के लिए 4 लाख रुपए की डिमांड की। उनकी आरोपी के साथ 320000 रुपए की राशि तय हुई और आरोपी के कहने के अनुसार उसने अपना पासपोर्ट सौंप दिया और अपने बैंक खाते से गूगल पे के माध्यम से 29500 रुपए का भुगतान किया।

कुछ दिनों के बाद आरोपी ने वीजा भेज दिया। 14-02-2022 को पिता द्वारा उसके खाते में 97000 रुपए स्थानांतरित किए गए। आरोपी ने 22-02-2022 को एयर इंडिया एक्सप्रैस का टिकट भेजा, जिसकी प्रस्थान तिथि 05-03-2022 अमृतसर से मॉस्को (रूस) थी। 27-02-2022 को आरोपी ने पिता को टैलीफोन पर सूचित किया कि रूस और यूक्रेन युद्ध के कारण कुछ समय के लिए हवाई टिकट रद्द कर दिया है। कुछ दिनों के भीतर युद्ध समाप्त होते ही वह वहां व्यवस्थित नौकरी में शामिल हो जाएगा। उसने व पिता ने समय-समय पर आरोपी को कुल 3,09,500 रुपए का भुगतान किया। जब काफी समय तक आरोपी नौकरी का इंतजाम नहीं कर पाया तो उन्होंने पासपोर्ट और 3,09,500 रुपए वापस करने का अनुरोध किया। मई, 2023 से आरोपी ने उसके और पिता के टैलीफोन नंबर ब्लॉक कर दिए। 

किसी गड़बड़ी की आशंका से जब वह व पिता चंडीगढ़ में आरोपी के घर गए तो वहां पता चला कि उसने अपना निवास वहां से किसी अज्ञात स्थान पर स्थानांतरित कर लिया है। इस दौरान लोगों से पता चला कि आरोपी एक बड़ा धोखेबाज है और वह पहले भी खुद को विदेशी कंपनी का एजैंट बताकर बेरोजगार युवाओं से पैसे हड़प चुका है। जब वह वीजा और तीनों हवाई टिकट लेकर दिल्ली में स्थित संबंधित पूछताछ केंद्रों पर गए तो वहां पता चला कि किसी वैध प्राधिकारी द्वारा यह वीजा जारी नहीं गया है और तीनों हवाई जहाज के टिकट भी जाली हैं। थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज का कहना है कि पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी अरविंद कुमार उर्फ अतुल कुमार गांव तियारा, तहसील और जिला कांगड़ा निवासी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News