अमृतसर से बैजनाथ जा रही HRTC बस को पुलिस ने रुकवाया, तलाशी में मिला कुछ ऐसा... 13 वर्षीय नाबालिग हिरासत में
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 02:34 PM (IST)
Kangra News : हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। गगल थाना क्षेत्र में अमृतसर से आ रही एचआरटीसी बस में पुलिस ने भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस तस्करी के लिए एक 13 वर्षीय नाबालिग का इस्तेमाल किया जा रहा था।
130.48 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद
जानकारी के अनुसार, सीआईए (CIA) कांगड़ा की टीम एएसआई मनजीत सिंह के नेतृत्व में रात करीब 9 बजे बनोई पुल के पास नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाहपुर की ओर से आ रही अमृतसर-बैजनाथ रूट की एचआरटीसी बस को तलाशी के लिए रोका गया। बस के भीतर एक नाबालिग लड़का अकेला यात्रा कर रहा था। पुलिस ने जब संदेह होने पर उसके भूरे रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो उसके भीतर से 130.48 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को हिरासत में लिया। जब्त चिट्टे की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
अमृतसर से जुड़ा है नेटवर्क
वहीं, प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि यह नशीला पदार्थ उसे अमृतसर में उसके एक रिश्तेदार ने सौंपा था और उसे बस में बैठाकर निर्देश दिया था कि वह आगे कहीं उससे यह सामान वापस ले लेगा। फिलहाल, पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कांगड़ा जिले में कहां सप्लाई की जानी थी।

