ड्यूटी से गायब होकर चुनाव प्रचार कर रहा था पोलिंग ऑफिसर, शिकायत मिलते ही DC ने लिया बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 12:00 PM (IST)

Kangra News : हिमाचल प्रदेश में जारी पंचायत चुनावों के बीच अनुशासनहीनता और लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। कांगड़ा जिले की फतेहपुर तहसील के अंतर्गत बगड़ोली पंचायत में तैनात एक पोलिंग ऑफिसर को ड्यूटी के दौरान चुनाव प्रचार में शामिल होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधीश कांगड़ा ने बगड़ोली पंचायत में तैनात एक पोलिंग ऑफिसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उक्त कर्मचारी पर न केवल अपनी ड्यूटी से नदारद रहने, बल्कि एक प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार, स्थाना पटवार सर्किल में कार्यरत पटवारी सुनील कुमार की ड्यूटी बगड़ोली पंचायत में पोलिंग ऑफिसर के रूप में लगाई गई थी। आरोप है कि बुधवार रात को वह अपने ड्यूटी स्थल से गायब पाए गए। इसी बीच प्रशासन को शिकायत मिली कि वे अपने क्षेत्र में किसी प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे हैं।

वहीं, शिकायत मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा की ओर से पोलिंग ऑफिसर सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि, निलंबित कर्मचारी सुनील कुमार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका तर्क है कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं रह सके और चुनाव प्रचार के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News