पहले चुराई पड़ोसी की दुधारू गाय, फिर सोशल मीडिया पर कर डाला सौदा...ऐसे खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 01:03 PM (IST)
Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के लंबागांव थाना क्षेत्र के तहत गंदड़ गांव में पशु चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने खेत से दुधारू गाय चुराकर सोशल मीडिया के जरिए उसका सौदा कर डाला। हालांकि, शातिर चोर की यह चालाकी ज्यादा दिन नहीं चल सकी और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से न केवल गाय को हमीरपुर से सकुशल बरामद कर लिया, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
खेत से गायब हुई थी गाय
जानकारी के अनुसार गंदड़ गांव के निवासी अमित शर्मा ने अपनी दुधारू गाय को घर के समीप एक खेत में बांधा था। शाम को जब वह वहां पहुंचे तो गाय गायब थी। परिवार ने दो दिनों तक आसपास के इलाकों में गाय की काफी तलाश की। जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने लंबागांव पुलिस थाना में गाय चोरी होने की औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।
सीसीटीवी में दिखा टैंपो, हमीरपुर तक पहुंची जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और घटना स्थल व आसपास के रास्तों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जांच के दौरान एक फुटेज में गाय को एक टैंपो में ले जाते हुए देखा गया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ी और तार हमीरपुर जिले तक जा जुड़े। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमीरपुर से गाय को बरामद कर लिया और उसे उसके असली मालिक अमित शर्मा के सुपुर्द कर दिया।
सोशल मीडिया पर हुआ था 15 हजार में सौदा
मामले में असली खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने गाय खरीदने वाले हमीरपुर के दो युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने यह गाय 15 हजार रुपए में खरीदी थी। चौंकाने वाली बात यह रही कि गाय बेचने वाले ने ग्राहकों की तलाश के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया था और वहीं से उनसे संपर्क किया था।
स्थानीय युवक राज ऋषि गिरफ्तार
कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने गंदड़ गांव के ही स्थानीय निवासी राज ऋषि उर्फ रिशू को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से गाय की बिक्री से मिले 15 हजार में से 6 हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष 9 हजार रुपए की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। अब पुलिस इस एंगल से भी मामले की गहनता से जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इस तरह की चोरी पहली बार की है, या फिर वह पहले भी इसी तर्ज पर पशुओं को चुराकर सोशल मीडिया के माध्यम से बेच चुका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

