Kangra: 5000 रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा यह कर्मचारी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 18, 2025 - 09:04 PM (IST)

ज्वालामुखी (नितेश): ज्वालामुखी: कांगड़ा जिले के नए बने सुरानी ब्लॉक के ज्वालामुखी की ग्राम पंचायत घुरकाल में विजीलैंस की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। धर्मशाला से आई विजीलैंस टीम ने पंचायत सचिव कमल भारद्वाज को 5000 रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।

पूर्व सैनिक की शिकायत पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, एक पूर्व सैनिक ने विजीलैंस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि पंचायत सचिव कमल भारद्वाज ने उनके घर के रास्ते के निर्माण कार्य के बदले 5000 रुपए की रिश्वत मांगी। विजीलैंस ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को तय राशि के साथ पंचायत सचिव के पास भेजा। जैसे ही पंचायत सचिव ने पैसे लिए, विजीलैंस टीम ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा। उनकी जेब से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।

विजीलैंस ने लिया हिरासत में, बुधवार न्यायालय में पेशी
गिरफ्तारी के तुरंत बाद विजीलैंस टीम पंचायत सचिव को धर्मशाला ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। बुधवार सुबह उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

पहले भी हो चुकी है विजीलैंस की कार्रवाई
गौरतलब है कि एक माह पूर्व परागपुर ब्लॉक के बीडीओ को भी विजीलैंस टीम ने 10,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। पंचायत सचिव की गिरफ्तारी के बाद अब अन्य कर्मचारियों और प्रतिनिधियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है।

भ्रष्टाचार पर विजीलैंस की कड़ी नजर
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और यदि अन्य कर्मचारी, प्रतिनिधि या अधिकारी भी इसमें संलिप्त पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विजीलैंस इसी तरह सक्रिय रही तो सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News