कुल्लू में भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे जेपी नड्डा

punjabkesari.in Saturday, Jul 03, 2021 - 08:01 PM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आने से यहां चुनावी सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को मंडी संसदीय उपचुनाव से भी जोड़ा जा रहा है। वहीं जिला भाजपा संगठन द्वारा भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जेपी नड्डा 5 जुलाई को बिलासपुर से सुबह मनाली के लिए रवाना होंगे। 7 बजे सासे हैलीपैड से वह वाहन के माध्यम से अटल टनल रोहतांग भी जाएंगे और उसके बाद लाहौल के सिस्सू में प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा लेंगे। उसके बाद नड्डा हैलीकॉप्टर के माध्यम से भुंतर हवाई अड्डा पहुंचेंगे। भुंतर हवाई अड्डा से वह वाहन के माध्यम से कुल्लू के देव सदन पहुंचेंगे, जहां पर भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे और इस बैठक में मंडी संसदीय उपचुनाव को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

वहीं कुल्लू में तैयारियों को लेकर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने भी देव सदन का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व विधायक महेश्वर सिंह भी मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने 2 दिवसीय दौरे के चलते हिमाचल पहुंच रहे हैं तो वहीं 5 जुलाई को वह कुल्लू में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसके लिए कुल्लू भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मंगलवार सुबह जेपी नड्डा वापस दिल्ली लौट जाएंगे।  गौर रहे कि मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए कुल्लू से पूर्व विधायक महेश्वर सिंह ने भी पार्टी को अपना आवेदन दिया है तो वहीं इन दिनों जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी मंडी संसदीय क्षेत्र में काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News