AIIMS बिलासपुर के स्थापना दिवस पर जेपी नड्डा का ऐलान, NGO की मदद से बनाया जाएगा 250 बिस्तरों का विश्राम सदन
punjabkesari.in Friday, Oct 03, 2025 - 06:09 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): एम्स बिलासपुर का तीसरा स्थापना दिवस मनाया गया। इस समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने की। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत की। उन्होंने कहा कि 3 साल में एम्स बिलासपुर ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अब यह हिमाचल के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों को भी सेवा दे रहा है। बोन मैरो ट्रांसप्लांट सहित संस्थान की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवी संगठन के साथ मिलकर यहां विश्राम सदन बनाने के प्रयास जारी हैं। यहां पहले ही 250 बिस्तरों का विश्राम सदन बन रहा है और एनजीओ की मदद से इतनी ही क्षमता का सदन और बनाया जाएगा। जेपी नड्डा ने बताया कि यहां 5 करोड़ की लागत से स्टेडियम भी बनाया जाएगा। इसी तरह जगह मिलने पर केंद्रीय विद्यालय, डाॅक्टरों के लिए आवास जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
5 वर्षों में एम्स को किया जाएगा सशक्त
एम्स बिलासपुर के कार्यकारी निदेशक डाॅ. वीएन शर्मा ने कहा कि एम्स बिलासपुर में 750 में से 734 बैड कार्यरत हैं। एम्स में 40 सुपर स्पैशलिटी और स्पैशल ओपीडी कार्यरत हैं। एम्स में 16 ऑप्रेशन थिएटर कार्यरत हैं। प्रदेश में केवल एम्स के पास ही पैट स्कैन फैसिलिटी है। उन्हाेंने बताया कि एम्स बिलासपुर को अगले 5 वर्ष में और सशक्त बनाया जाएगा ताकि प्रदेश के लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ न जाना पड़े। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने एम्स बिलासपुर के लोकगीत का विमाेचन भी किया।
इन्हें मिला सम्मान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। इसके तहत एमबीबीएस में वर्ष 2020 में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अभि कुकरेजा और द्वितीय स्थान के लिए रक्षित वशिष्ठ, 2021 में अनन्या को पहले व खुशबू शर्मा को दूसरे स्थान के लिए प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार वर्ष 2022 के लिए पहले स्थान के लिए अनुपम व वैभव गुप्ता व दूसरे के लिए तनिशा, वर्ष 2023 के लिए दीक्षा व दूसरे स्थान के लिए मधु कुमारी और वर्ष 2024 के लिए हर्षिता को सम्मानित किया।
इसी प्रकार बीएससी नर्सिंग वर्ष 2022 के लिए सानिया व भार्या मल्होत्रा, 2023 के लिए रितिका कपूर को सम्मानित किया गया जबकि बीएससी पैरामेडिकल के लिए वर्ष 2022 के लिए अंशिका वर्मा व भावना ठुकराल, 2023 के लिए रवि और वर्ष, 2024 के लिए दीपिका ठाकुर को सम्मानित किया गया। एम्स बिलासपुर में किडनी प्रत्यारोपण की सफल शुरूआत के लिए दिल्ली एम्स के डाॅ. सीनू को सम्मानित किया गया। एम्स बिलासपुर में अब तक किडनी प्रत्यारोपण के 8 ऑप्रेशन हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त फैकल्टी में जनरल मेडिसिन को बैस्ट अवार्ड देकर सम्मानित किया गया जबकि कालेज ऑफ नर्सिंग दूसरे व डिर्पाटमैंट ऑफ जियोलॉजी दूसरे स्थान पर रहे।
इसी प्रकार बैस्ट पब्लिकेशन अवार्ड डाॅ. रितेश व मनु प्रिया को प्रदान किया गया जबकि कुलगीत के विजेता का अवार्ड डाॅ. अशोक दुबे को दिया गया जबकि दूसरे स्थान के लिए डाॅ. नीलम वर्मा व तीसरे स्थान के लिए एमबीबीएस प्रशिक्षु हितेश को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, विधायक रणधीर शर्मा, जीत राम कटवाल व त्रिलोक जम्वाल भी मौजूद रहे।